कटगांव में 347 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
अंडर-19 जिला स्तरीय प्रतियोगिता का मंत्री जगत सिंह नेगी ने किया शुभारंभ
टीम-रिकांगपिओ
किन्नौर की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटगांव में पांच दिवसीय अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ राजस्व, बागबानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने किया। प्रतियोगिता में जिले के 45 स्कूलों के करीब 347 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 38 सरकारी और सात निजी स्कूल शामिल हैं। इस अवसर पर मंत्री ने खिलाडय़िों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली। जगत सिंह नेगी ने कहा कि कल्पा स्थित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल में दो करोड़ से अधिक की लागत से स्विमिंग पूल बनाया जा रहा है। बाटसेरी से रकछम तक साइकिल ट्रैक का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कटगांव खेल मैदान के विस्तार कार्य का शिलान्यास भी किया।
जल शक्ति विभाग द्वारा किए जाने वाले इस कार्य के लिए प्रारंभिक बजट 30 लाख खा गया है। मंत्री ने कहा कि जरूरत पडऩे पर अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। इस दौरान अक्सा के सीनियर संतोष ट्रॉफी के लिए चयन पर 30 हजार तथा नव्या और ध्रुव नेगी के खेलो इंडिया में चयन पर 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक वरुण पटियाल, कुलदीप डोगरा, बीर सिंह नेगी, कुलदीप नेगी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
