बिजली के कटों ने बढ़ाई लोगों की टेंशन
अंब क्षेत्र के विभिन्न गांवों में इन दिनों बार-बार लग रहे हैं अघोषित कट, बुजुर्गों-बच्चों की बढ़ी परेशानी
निजी संवाददाता-चुरूडू
उपमंडल अंब क्षेत्र के विभिन्न गांवों में इन दिनों बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन हो या रात, अचानक बिजली गुल होने से ग्रामीणों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के अधिकतर गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कटौती का कोई निर्धारित समय नहीं है। अचानक बिजली चले जाने के कारण घरेलू कामकाज प्रभावित होने के साथ-साथ दुकानदारों, छोटे कारोबारियों और ऑनलाइन कार्य करने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, रात के समय बिजली बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती और बिजली आने के समय की सही जानकारी नहीं मिल पाती। इससे उपभोक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है।लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा बार-बार होने वाली अघोषित कटौती पर रोक लगाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी तकनीकी कारण या आवश्यक मरम्मत के चलते बिजली बंद करनी हो तो इसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को दी जानी चाहिए, ताकि लोग अपने जरूरी कार्यों की व्यवस्था कर सकें। क्षेत्रवासियों में विद्युत विभाग से मांग की है कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था की जांच कर समस्या का स्थायी समाधान
किया जाए।
बिजली कट लगाने से पहले दी जाए जानकारी
लोगों का कहना है कि यदि किसी तकनीकी खराबी, मरम्मत या अन्य आवश्यक कार्य के चलते बिजली बंद करनी पड़ती है तो इसकी जानकारी पहले से उपभोक्ताओं को दी जानी चाहिए, ताकि वे अपने जरूरी कार्यों की व्यवस्था कर सकें। ग्रामीणों ने कहा कि अघोषित कटौती के कारण लोगों को बार-बार परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित क्षेत्रों में बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत व्यवस्था की जांच करवाने तथा आपूर्ति को सुचारू बनाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली आज हर घर और व्यवसाय की मूलभूत जरूरत बन चुकी है। ऐसे में बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली कटौती होने से लोगों की समस्याएं बढ़ रही हैं। लोगों ने विभाग से जल्द से जल्द उचित कदम उठाकर गांवों में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
