थानाकलां में आईएम पावर अकादमी और आईमार्ट का शुभारंभ

By: Sep 18th, 2026 12:53 am

-ग्रामीण युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा बाजार; विधायक विवेक शर्मा ने किया उद्घाटन
स्टाफ रिपोर्टर-बंगाणा
ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोडऩे की दिशा में कुटलैहड़ क्षेत्र में नई पहल शुरू हुई है। ग्रामीण आजीविका केंद्र (आरएलसी) थानाकलां में आईएमपावर अकादमी फॉर स्किल्स, ऊना का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शन के लिए आईमार्ट भी शुरू किया गया। कार्यक्रम में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर उपायुक्त ऊना जतिन लाल, एम3एम फाउंडेशन की प्रबंध न्यासी एवं अध्यक्ष डॉ. ऐश्वर्या महाजन, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के उपाध्यक्ष अतुल खारोटा, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, बीडीओ केएल वर्मा, एनआईईडी के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा, डीपीओ श्रवण कश्यप सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान अतिथियों ने आरएलसी थानाकलां परिसर और आईएमपावर अकादमी का अवलोकन किया। प्रशिक्षण के साथ करियर मार्गदर्शन, रोजगार से जोडऩे, नियुक्ति सहायता और उद्यमिता विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा। उद्देश्य युवाओं को केवल प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र तक सीमित रखने के बजाय रोजगार, स्वरोजगार और उद्यम शुरू करने के अवसरों से जोडऩा है। वहीं छात्रों को लाभ मिलेगा।

एसएचजी उत्पादों के लिए बनेगा बाजार का मंच
आईमार्ट के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार अचार, जैम, जेली, सॉस, मसाले, परिधान और अन्य स्थानीय एवं हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच मिलेगा। इससे ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी। महिलाओं को उत्पाद निर्माण के साथ गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन और बिक्री संबंधी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे उत्पादन से लेकर बाजार तक की पूरी प्रक्रिया में एसएचजी सदस्यों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास होगा। एम3एम फाउंडेशन की प्रबंध न्यासी एवं अध्यक्ष डॉ. ऐश्वर्या महाजन ने कहा कि आईएमपावर अकादमी का उद्देश्य प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ युवाओं को कौशल से रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आईमार्ट के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बिक्री के लिए समर्पित मंच मिला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App