प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर लगाया रक्तदान शिविर

By: Sep 18th, 2026 12:52 am

भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में किया रक्तदान, कें्रद सरकार की नीतियों को सराहा, पीएम को दी हार्दिक शुभकामनाएं
नगर संवाददाता-ऊना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की ओर से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने बढ़-चढक़र भाग लेते हुए रक्तदान कर सेवा और मानवता का संदेश दिया। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। शिविर के माध्यम से भाजपा युवा मोर्चा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाते हुए समाजहित में योगदान देने का संदेश दिया।

इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला प्रवक्ता सुरेंद्र ठाकुर ने 54वीं बार रक्तदान कर समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। इसके अलावा भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी रक्तदान किया। उनके इस सेवा भाव की सराहना करते हुए विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने उन्हें पुरस्कृत कर सम्मानित किया। सुरेंद्र ठाकुर लंबे समय से नियमित रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद करते आ रहे हैं। शिविर में भाजपा जिला अध्यक्ष शाम मिन्हास, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, बलबंत ठाकुर, पीएल भारद्वाज मौजूद रहे।

गगरेट में भी लगाया ब्लड डोनेशन कैंप
मुबारिकपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गगरेट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के दोनों मंडलों की ओर से पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा के नेतृत्व में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया तथा कुल 95 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे किए हैं। इसी सेवा यात्रा को सम्मान देने के लिए भाजपा द्वारा सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘अंत्योदय तक सेवा, सुशासन से विकास और राष्ट्रहित सर्वोपरि’ के संकल्प के साथ समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सेवा पहुंचाना अभियान का उद्देश्य है। रक्तदान शिविर इसी सेवा भावना की एक कड़ी है। पूर्व जिला पार्षद एवं भाजपा नेता सुशील कालिया ने कहा कि रक्तदान से बढक़र मानवता की सेवा का कोई बेहतर माध्यम नहीं हो सकता। रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में सहायक बन सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App