आंधी, बारिश-तेज हवाओं के बीच भी सेलिंग का रोमांच
एनसीसी कैडेट्स ने दसवें दिन जकातखाना से ज्योरिपट्टन तक रूट मार्च, ज्योरिपत्तन से बिलासपुर तक 38 किलोमीटर की सेलिंग
निजी संवाददाता-स्वारघाट
गोबिंदसागर झील में आयोजित संकल्प एक्सपीडिशन-2026 के दसवें दिन भी एनसीसी कैडेट्स का जोश और जज्बा बरकरार रहा। अभियान के तहत कैडेट्स कल शाम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जकातखाना पहुंचे। सुबह कैडेट्स ने स्थानीय लोगों और बच्चों को टीबी मुक्त भारत का संदेश देते हुए टीबी के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया। सुबह कैडेट्स ने जकातखाना से ज्योरिपत्तन तक रूट मार्च किया। इसके बाद ज्योरिपत्तन से गंभर पुल होते हुए बिलासपुर तक सेलिंग की गई। इसके उपरांत बारिश और तेज हवाओं के बीच कैडेट्स ने करीब 38 किलोमीटर की दूरी तय की।
प्रतिकूल मौसम के बावजूद कैडेट्स ने पूरे अनुशासन, साहस और उत्साह के साथ अपनी यात्रा जारी रखी। कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने कहा कि संकल्प एक्सपीडिशन-2026 का दसवां दिन कैडेट्स के लिए सीख और अनुभव से भरपूर रहा। उन्होंने कहा कि आंधी, तूफान और बारिश जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों ने कैडेट्स को विपरीत हालात में धैर्य बनाए रखने, टीमवर्क और साहस के साथ आगे बढऩे का नया अनुभव दिया। उन्होंने मिहिला कैडेट्स के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि दसवें दिन भी बेटियों का जोश काबिले तारीफ है।
आज होगा विधिवत समापन
संकल्प एक्सपीडिशन-2026 के समापन समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर लुहणू घाट पर आयोजित फ्लैग-इन सेरेमनी में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और अभियान का विधिवत समापन करेंगे। फ्लैग-इन सेरेमनी के बाद बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन के ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
