युवाओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
नौणी विश्वविद्यालय में विश्व ओजोन दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, क्विज और भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभा का किया प्रदर्शन
निजी संवाददाता-सोलन
डाक्टर यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में कृषि मौसम विज्ञान एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के स्पेस क्लब की ओर से विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘माई भारत’ कार्यक्रम के सहयोग से हुआ। इस वर्ष विश्व ओजोन दिवस की थीम ‘ग्लोबल एक्शन फॉर अ कूलर प्लैनेट’ रही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एचएस बवेजा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या संस्थानों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने और अपने समुदाय में पर्यावरण जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। अधिष्ठाता डॉ. सीएल ठाकुर ने व्यक्तिगत पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने के लिए जीवनशैली में बदलाव की आवश्यकता बताई। भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण के अतिरिक्त निदेशक डॉ. कुमार अंबरीश ने ओजोन क्षरण से पर्वतीय एवं अल्पाइन पारिस्थितिकी तंत्र पर पडऩे वाले संभावित प्रभावों की जानकारी दी।जिला युवा अधिकारी भूपिंदर गिल ने ‘माई भारत’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
भाषण में सृष्टि शर्मा विजेता
इस दौरान विद्यार्थियों के लिए क्विज और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। क्विज में टीम यूवी गार्ड्स ने पहला और टीम इकोमाइंड्स ने दूसरा स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में पीएचडी प्रथम वर्ष की छात्रा सृष्टि शर्मा प्रथम तथा एमएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रकृति द्वितीय स्थान पर रही।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
