काली माता और झोटे के पूजन के साथ सायर मेले का शुभारंभ
विधायक संजय अवस्थी ने की शिरकत, उमड़ा सैलाब
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
ऐतिहासिक अर्की सायर मेले का गुरुवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विधिवत शुभारंभ हुआ। स्थानीय विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर मेले का शुभारंभ किया। काली माता के पूजन के बाद पारंपरिक रूप से झोटे का पूजन किया गया। इस दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा लोगों को सायर मेले की शुभकामनाएं दीं। सुबह से ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचने शुरू हो गए थे। मेले में पहुंचे लोगों ने विभिन्न प्रकार के सामान की जमकर खरीददारी की। मेले में सजी दुकानों पर कपड़े, घरेलू सामान, खिलौने, सजावटी वस्तुएं, खान-पान सहित विभिन्न प्रकार के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने झूलों और अन्य मनोरंजक साधनों का खूब आनंद उठाया। इस अवसर पर संजय अवस्थी विधायक अर्की व एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने महाकाली मंदिर समिति द्वारा लगाए गए दो दिवसीय भंडारे का उद्घाटन किया।
स्कूली बच्चों ने बांधा सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां
मेले के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान लक्ष्य पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा पेश किया गया कार्यक्रम को लोगों ने बहुत सराहा। साथ ही बच्चों ने हिमाचल की लोक संस्कृति, लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कबड्डी और कुश्ती मुकाबले रहे आकर्षण का केंद्र
सायर मेले में खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने दमखम दिखाया और दर्शकों ने रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया। वहीं, कुश्ती मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रही।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
