जमापूंजी के लिए भटक रहे दर्जनों गरीब परिवार
पांवटा साहिब में निजी बैंक पर धोखाधड़ी के लगाए आरोप, एसपी से उठाया मुद्दा
कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में एक निजी बैंक पर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने के गंभीर आरोप लगे हैं। अपनी ही जमा की हुई राशि न मिलने से परेशान दर्जनों महिला-पुरुषों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा और बड़ी संख्या में पीडि़त पुलिस थाना पांवटा साहिब पहुंच गए। थाने के बाहर जमा हुए पीडि़तों ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन से अपनी जमा राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई। पीडि़तों ने बताया कि उन्होंने पेट काटकर रोजाना 50, 100 और 200 रुपए की छोटी-छोटी बचत कर इस निजी बैंक में खाते खुलवाए थे। बैंक एजेंटों ने उन्हें ज्यादा ब्याज और जरूरत पर तुरंत पैसा वापस मिलने का लालच दिया था। पिछले करीब दो महीनों से जब लोगों को पैसों की जरूरत पड़ी और वह बैंक पहुंचे तो उन्हें पैसा देने से मना कर दिया गया। पीडि़तों के अनुसार उन्होंने इस मामले की शिकायत पहले पुलिस थाना और एसडीएम कार्यालय पांवटा साहिब में भी की है।
शिकायत के बाद बैंक प्रबंधन ने बुधवार को सभी पीडि़तों को बुलाया था कि उनका पैसा लौटा दिया जाएगा, लेकिन बुधवार को भी बैंक में पहुंचने पर पीडि़तों को फिर से एक दिन का समय दे दिया गया और कहा गया कि गुरुवार को आना। तारीख पर तारीख मिलने से पीडि़तों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। सामाजिक कार्यकर्ता ज्ञान चौहान ने चेतावनी दी कि यदि गुरुवार तक लोगों की पूरी राशि नहीं लौटाई गई तो इस मामले को डीएसपी पांवटा और एसपी सिरमौर के समक्ष उठाया जाएगा और जरूरत पड़ी तो बैंक के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। जल्द उनका पैसा नहीं मिला तो वह उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल इस मामले में बैंक प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
