पीएम के कुशल नेतृत्व से दुनिया में भारत का डंका
जयराम ठाकुर ने माता काली मंदिर में नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीर्घायु के लिए मांगी दुआएं, यज्ञ में डाली आहुति
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा प्रदेश सहित देश भर में एक माह तक सेवा एवं जनसंपर्क अभियान चलाएगी। अभियान बुधवार से शुरू होकर 17 अक्तूबर तक चलेगा। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर नाहन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर हिमाचल की देवभूमि से उनकी दीर्घायु और यशस्वी जीवन के लिए देवी-देवताओं से प्रार्थना की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण की भावना के साथ मनाएंगे। हर घर में दीप जलाकर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करेंगे। पीएम के कुशल नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और महाशक्ति बनने की राह पर है। पूरी दुनिया में देश का डंका बज रहा है। जयराम ठाकुर अपने दो दिवसीय सिरमौर प्रवास के दौरान नाहन के कालीस्थान स्थित माता काली मंदिर पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और देश के निरंतर नेतृत्त्व की कामना को लेकर आयोजित यज्ञ में उन्होंने आहुति डाली।
पूर्व मुख्यमंत्री ने नाहन में नगर परिषद नाहन की पार्षद संध्या अग्रवाल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष अग्रवाल के आवास पर आयोजित प्रीतिभोज में शामिल हुए। इसके बाद गुरुवार सुबह सीधे कालीस्थान मंदिर पहुंचकर यज्ञ में हिस्सा लिया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा ने देश भर में सेवा कार्यों की शृंखला शुरू की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में संवैधानिक दायित्त्व के 25 वर्ष पूरे होना भी महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। नरेंद्र मोदी ने 12 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 13 वर्ष देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, बलदेव तोमर, भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, पार्षद संजय चौहान, पूजा तोमर, सीमा अत्री, प्रदीप बिज, देवेंद्र अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
