19 से 24 नवंबर तक सजेगा अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेला

By: Sep 20th, 2026 12:55 am

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को शुभारंभ-राज्यपाल को समापन समारोह में आमंत्रित करने का निर्णय
निजी संवाददाता-श्रीरेणुकाजी
अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले के सफल आयोजन को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक रेणुकाजी के कुब्जा पेवेलियन में की गई। इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं अध्यक्ष श्रीरेणुकाजी विकास बोर्ड विनय कुमार ने की। विनय कुमार ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेला 19 नवंबर से 24 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मेले के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को आमंत्रित किया जाएगा तथा समापन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल को मुख्यातिथि आमंत्रित किया जाएगा। विनय कुमार ने कहा कि जिस परंपरा से इस मेले को मनाते आए हैं इसे ओर उल्लास से इस वर्ष भी मनाया जाएगा। समय के अनुसार ही श्रीरेणुकाजी अंतरराष्ट्रीय मेले का और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। श्रीरेणुकाजी विकास बोर्ड द्वारा इस वर्ष इस मेले को और अधिक भव्य बनाने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि इस मेंले को वैश्विक स्तर पर भी पहचान मिल सके। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को मेले को सफल बनाने के लिए दिए गए निर्देशों को कड़ा पालन करने को भी कहा। इस वर्ष आयोजित किए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले में क्षेत्र के दूसरी जगह से देवी-देवताओं को आमंत्रित करने का भी प्रस्ताव रखा गया, ताकि मेले को और अधिक भव्य बनाया जा सके।

इस बैठक में बिजली, जल शक्ति, अग्निशमन, परिवहन, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था इत्यादि व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। इस बार अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले के सभी प्लाटों, झूलों व रेहड़ी-फड़ी को 80 लाख रुपए में ठेके पर देने का निर्णय लिया गया है। इस बार रेणुका मेले के दौरान परशुराम ताल में भी नौकायन चलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मेले में शोभा यात्रा डा. वाईएस परमार सीनियर सेकेंडरी स्कूल ददाहू के खेल मैदान से बस स्टैंड, गिरि पुल, मेला मैदान से होती हुई श्री परशुराम जी देवठी में पहुंचेगी। यात्रा दोपहर ठीक दो बजे आरंभ होकर सायं साढ़े चार बजे श्रीरेणुकाजी परशुराम तालाब के पास पहुंचेगी। बैठक में अवगत करवाया गया कि मेले के दौरान मेला परिसर में मांस-मछली, शराब, नारियल का प्रयोग पूर्णतय: बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि इस मेले को प्लास्टिक मुक्त हरित मेला के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए गैर सरकारी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा। इस बैठक में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, उपमंडल अधिकारी नाहन एवं श्रीरेणुकाजी विकास बोर्ड के सदस्य सचिव राजीव सांख्यान, पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी, एडीएम एकता कापटा, श्रीरेणुकाजी विकास बोर्ड के सीईओ भरत सिंह सहित रेणुका विकास बोर्ड के सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App