ददाहू सिविल अस्पताल में जल्द तैनात होंगी छह नर्सें

By: Sep 20th, 2026 12:54 am

निजी संवाददाता-श्रीरेणुकाजी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं श्रीरेणुकाजी के विधायक विनय कुमार की अध्यक्षता में सिविल अस्पताल ददाहू में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों पर कम से कम आर्थिक बोझ डालकर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। ददाहू अस्पताल 20 से 25 पंचायतों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है, जहां दूरदराज के क्षेत्रों से भी मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। विनय कुमार ने कहा कि इसी वर्ष अस्पताल में एक्स-रे मशीन की सुविधा शुरू की गई है। प्रतिदिन करीब 30 से 40 मरीजों के एक्स-रे किए जा रहे हैं। इससे लोगों को एक्स-रे करवाने के लिए नाहन या अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में नर्सों की कमी को देखते हुए जल्द ही छह नर्सों की नियुक्ति की जाएगी। अस्पताल के प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए बैठक में विभिन्न मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया। इस दौरान वर्ष 2025 के आय-व्यय का ब्योरा तथा वर्ष 2026 के प्रस्ताव और आय-व्यय विवरण अनुमोदन के लिए रखा गया। विधायक ने रेणुका बांध परियोजना के अधिकारियों को ददाहू अस्पताल में एलईडी नाम बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। बैठक में एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, रेणुका बांध परियोजना के सदस्य कपिल ठाकुर, ग्राम पंचायत ददाहू के प्रधान पंकज गर्ग, रविंद्र गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रेणुका के महासचिव मित्र सिंह तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App