गदियाड़ा में शरारती तत्त्वों ने फूंकी खड़ी बाइक
पशुशाला में खड़ी की थी बाइक, घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने मुआयना कर जुटाए सबूत
निजी संवाददाता- जयसिंहपुर
उपमंडल जयसिंहपुर के तहत ग्राम पंचायत जालग के गांव गदियाड़ा में शरारती तत्त्वों द्वारा एक दोपहिया वाहन को आग के हवाले करने की घटना सामने आई है। इस वारदात में पीडि़त की मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गदियाड़ा निवासी सुभाष चंद बीड़ स्थित एक निजी संस्थान में कार्यरत हैं और प्रतिदिन अपनी मोटरसाइकिल से ही कार्यस्थल पर आते-जाते हैं। शुक्रवार शाम को भी वे रोजमर्रा की तरह काम से लौटने के बाद वाहन को अपने निवास से कुछ दूरी पर स्थित पशुशाला के समीप खड़ा करके घर चले गए थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब वे पुन: ड्यूटी पर जाने के लिए वाहन के पास पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए।
किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के अंधेरे में उनकी बाइक में आग लगा दी थी। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। घटना के तुरंत बाद पीडि़त ने इसकी सूचना पंचरुखी पुलिस थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना की गहनता से तफ्तीश कर रही है और शरारती तत्वों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
