अंडे-टमाटर से गरमाई पंजाब की सियासत, CM मान के काफिले तक पहुंचा विरोध प्रदर्शन

By: Sep 20th, 2026 12:05 am

पंजाब में हाईवोल्टेज ड्रामा, लुधियाना की पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के बाहर हंगामा

पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू हिरासत में लिए

निजी संवाददाता— लुधियाना

पंजाब की राजनीति में इन दिनों काफी गरमाहट देखने को मिल रही है। खासकर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर हुए कथित हमले के बाद से राजनीतिक माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। इसी कड़ी में शनिवार को लुधियाना के पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के बाहर एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। दरअसल, यूनिवर्सिटी में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान रवनीत बिट्टू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएम मान के काफिले पर अंडे-टमाटर फेंके। प्रदर्शन के दौरान पंजाब पुलिस ने बिट्टू को हिरासत में ले लिया। बिट्टू ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के गेट के पास मुख्यमंत्री के काफिले की ओर शराब की बोतल लहराते हुए कहा कि वह मान को बोतल लौटा रहे हैं। उन्होंने बोतलें फेंकते हुए कहा कि भगवंत मान अपनी शराब का आनंद लो और अरविंद केजरीवाल को दिल्ली से पंजाब को लूटने दें।

हिरासत में लिए जाने के बाद बिट्टू के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया कि लोगों की आवाज को हिरासत और पर्चे से दबाया नहीं जा सकता। आज पंजाब पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है, लेकिन हमारा हौसला बुलंद है। बता दें कि पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सीएम मान शनिवार को लुधियाना में आप के चुनावी कैंपेन को लॉन्च करने पहुंचे थे। पक्खोवाल रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी का चुनावी पंफलेट भी जारी किया। रवनीत बिट्टू ने कहा कि एक दिन पहले बटाला के पास मेरे काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके गए थे। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान यही वापस किए गए। मेरे काफिले पर हमले में गाडिय़ों को नुकसान पहुंचाया गया था, यह सब आप ने ही कराया था। बिट्टू ने कहा कि अगर आप के कार्यकर्ता भाजपा नेताओं, रैलियों और यात्राओं का विरोध करेंगे तो भाजपा कार्यकर्ता भी पंजाब सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App