माफी मांग कर दर्ज मुकद्दमे वापस ले प्रदेश सरकार
घुमारवीं में भाजपा के क्रमिक अनशन में पहुंचे सांसद अनुराग बोले, सरकार पुलिस के पीछे छिपी
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
एफआईआर विवाद को लेकर घुमारवीं में चल रहे भाजपा के क्रमिक धरने एवं अनशन के 14वें दिन शनिवार देर शाम पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर सीधा हमला बोला। अनशन स्थल पर पहुंचे अनुराग ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मंत्रियों को चुनौती देते हुए कहा कि सरकार पुलिस के पीछे न छिपे, दम है तो सामने आकर जवाब दे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से जवाब मांगना यदि गुनाह है तो भाजपा कार्यकर्ता बार.बार यह गुनाह करेंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अभी भी वक्त है, सरकार माफी मांगे और दर्ज मुकदमों को वापस ले। उन्होंने कहा कि पुलिस की धाराएं खत्म हो जाएंगी, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस सरकार से जवाब मांगते रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास नेहरू से लेकर अब तक काला रहा है और हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उससे भी चार कदम आगे निकल गए हैं। अनुराग ठाकुर के साथ धर्मशाला के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, और भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण चंदेल भी अनशन स्थल पर पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लाइट भी चली गई।
सुधीर शर्मा भी गरजे..
धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार का पूरा ध्यान भाजपा विधायकों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी सरकार की कठपुतली बनकर रह गए हैं।
पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग बोले , हौसले नहीं होंगे पस्त
क्रमिक अनशन के दौरान घुमारवीं शहर में बिजली गुल होने से अनशन स्थल पर भी अंधेरा छा गया। इस पर पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बिजली कट से कार्यकर्ताओं के हौसले पस्त नहीं होंगे। गर्ग ने आरोप लगाया कि पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली बंद होने जैसी परिस्थितियों से आंदोलन को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
