पांचवें नवरात्र पर जयकारों से गूंजे देवियों के दरबार

By: Oct 16th, 2026 12:55 am

बज्रेश्वरी मंदिर में 6200 श्रद्धालुओं ने भरी हाजिरी
कांगड़ा। श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि पांचवें नवरात्र के दिन लगभग 6200 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेका। वहीं, चौथे नवरात्रे के दिन श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में 473390 रुपए का चढ़ावा अर्पित किया गया। नवरात्रों में विश्व मानव रूहानी केंद्र की ओर से मंदिर परिसर में लगातार नि:शुल्क मेडिकल कैंप लगाया जा रहा है। इस कैंप के माध्यम से अब तक लगभग 2400 श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच की जा चुकी है तथा उन्हें फ्री दवाइयां भी वितरित की गई हैं। मंदिर अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

श्रीचामुंडा मंदिर में दस हजार श्रद्धालु नतमस्तक
श्रीचामुंडाजी। श्रीचामुंडा नंदिकेश्वर धाम में पांचवें नवरात्र पर माता जी के दरबार में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी। इस दौरान मंदिर में दस हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए, वहीं मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए प्रत्येक बंदोबस्त किए गए। साथ मंदिर में सहस्त्र चंडी यज्ञ चला हुआ है। उधर, आदि हिमानी श्रीचामुंडा में भी हर वर्ष की भांति नवरात्र पर पूजा-पाठ का आयोजन किया जा रहा है। मां के दर्शन को भी श्रद्धालुओं का आना-जाना लग हुआ है।

ज्वालामुखी में 22000 ने किए अखंड ज्योति के दर्शन
ज्वालामुखी। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आश्विन माह के शरद कालीन नवरात्रि के चौथे दिन मां के भक्तों ने कुल- मिलाकर पांच लाख 39794 का नकद चढ़ावा मां ज्वालामुखी के चरणों में अर्पित किया। मंदिर अधिकारी तहसीलदार अजय मांडयाल ने बताया कि मां के भक्तों ने लाइनों में लगकर मां के जयकारे लगाते हुए गर्भ गृह में अखंड ज्योति के दर्शन किए और पुण्य फल प्राप्त किया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन कर लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि गुरुवार पांचवें नवरात्रि में लगभग 22 000 यात्रियों ने परिवार सहित माता रानी की अखंड ज्योति के दर्शन किए । कई भक्तों ने अपने बच्चों के मुंडन संस्कार भी माता रानी के चरणों में करवाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App