टीसीपी के विरोध में नगरी में प्रदर्शन कल
गोपालपुर में भाजपा ग्रामीण मंडल की बैठक में त्रिलोक कपूर ने बुलंद की आवाज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- पालमपुर
भाजपा ग्रामीण मंडल पालमपुर की बैठक गोपालपुर में आयोजित की गई। बैठक में जहां एक ओर संगठनात्मक दृष्टि से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूरी ताकत के साथ विजय दिलाने की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई, वहीं दूसरी ओर नगरी ज़ोन के अंतर्गत पंचायतों को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग क्षेत्र में शामिल किए जाने के मुद्दे पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नगरी क्षेत्र की पंचायतों पर टीसीपी जैसे कठिन कानून को थोपे जाने पर एक स्वर में रोष व्यक्त करते हुए पालमपुर के विधायक तथा कांग्रेस सरकार के इस निर्णय की कड़ी निंदा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 17 नवंबर 2026 को प्रात: 10:00 बजे इंद्रूनाग मंदिर परिसर में विशाल जन आक्रोश प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने नगरी क्षेत्र के समस्त लोगों, हर परिवार के भाई-बहनों और नौजवानों से आह्वान किया कि वह इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में पहुंचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करें। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या परिवार की नहीं, बल्कि पूरे नगरी क्षेत्र के लोगों के भविष्य में भवन निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ विषय है। श्री कपूर ने बताया कि टीसीपी क्षेत्र में शामिल किए गए गांवों में भगोटला, कुशमल, बगौड़ा, लटवाला, जंवालकड़, भष्मेहड़, कलूंड, रजेहड़, चचियां, दराटी, बल्ला, राख, धनोटा, गोपालपुर, गुजरेहड़ा, दयाला, कुडन और जिया शामिल हैं। उन्होंने कहा कि टीसीपी नियमों के कारण क्षेत्रवासियों को आने वाले समय में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा ।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
