सुलाह में सरकार के खिलाफ गरजी भाजपा

By: Oct 16th, 2026 12:56 am

विपिन परमार की ने कर्ज, बेरोजगारी और अधूरे विकास कार्यों को लेकर घेरी सुक्खू सरकार
टीम- सुलाह, पालमपुर
प्रदेश में कांग्रेस सरकार के विरुद्ध जनाक्रोश अब सडक़ों पर मुखर होने लगा है। प्रदेश पर बढ़ते कर्ज, कथित तौर पर ठप पड़ी जनकल्याणकारी योजनाओंए अधूरी विकास परियोजनाओंए रिक्त सरकारी पदों और सुलाह विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा को लेकर भाजपा ने गुरुवार के दिन विशाल धरना-प्रदर्शन किया। गदियाड़ा स्थित शिव मंदिर से ब्लॉक कार्यालय तक निकाली गई रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने कांग्रेस सरकार की नीतियों के विरुद्ध जोरदार आवाज बुलंद की। धरना-प्रदर्शन में क्षेत्र के विकास और आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं सुलाह विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह परमार ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को सहारा देने के लिए सहारा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह 3000 रुपए की आर्थिक सहायता का प्रावधान था। उन्होंने आरोप लगाया कि इन योजनाओं के लाभ और क्रियान्वयन को लेकर आज अनेक सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से क्यों नहीं मिल रहा है और जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल विरोध की राजनीति नहीं कर रही, बल्कि उन समस्याओं को सामने ला रही है, जिनसे गांवों के लोग, पंचायत प्रतिनिधि, किसान व महिलाएं और युवा प्रतिदिन जूझ रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App