चुराह में खाई में गिरी कार, बहन की मौत, भाई गंभीर
देर रात हुआ हादसा, सुबह घायल ने सडक़ पर पहुंचकर ग्रामीणों को दी सूचना; जांच में जुटी पुलिस
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
चुराह उपमंडल के चांजू-देहरा संपर्क मार्ग पर आल्टो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से बहन की मौत हो गई, जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में दो लोग ही सवार थे। घायल को सिविल अस्पताल तीसा में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज चंबा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। उपमंडलीय प्रशासन की ओर से मृतका के परिजनों को पच्चीस हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान कर दी गई है। जानकारी के अनुसार बडदोल गांव की पुष्पा देवी अपने भाई नरेण सिंह के साथ आल्टो टैक्सी नंबर कार में सवार होकर चांजू मंदिर से जखला की ओर जा रही थी। इसी दौरान सुमरेड नाले के समीप अचानक कार अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे खाई में जा गिरी।
देर रात पेश आए हादसे का पता गुरुवार सवेरे चल पाया जब घायल नरेण सिंह ने किसी तरह सडक़ पर पहुंचकर ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने तुरंत राहत व बचाव कार्य आरंभ करने के साथ ही पुलिस को सूचित किया। इस दौरान पुष्पा देवी को खाई में मृत हालत में पड़ा पाया। ग्रामीणों नेे तुरंत परिजनों के सहयोग से घायल को उठाकर उपचार के लिए तीसा अस्पताल भिजवाया, जहां नरेण सिंह को गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चंबा रेफर कर दिया गया है। उधर, एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार हेतु वारिसों को सौंप दिया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
