पंजाब बंद से ऊना में थमी बसों की रफ्तार, 40 रूट रहे बंद

By: Oct 16th, 2026 12:56 am

चंडीगढ़-दिल्ली जाने वाली बसें ऊना तक ही पहुंचीं, दोपहर दो बजे के बाद बद्दी के लिए बहाल हुई सेवा

नगर संवाददाता-ऊना
पंजाब के मानसा में हुए हत्याकांड के विरोध में पंजाब बंद के आह्वान का असर ऊना में भी देखने को मिला। पंजाब जाने वाले ऊना डिपो के करीब 40 बस रूट बंद रहे। इसके अलावा कांगड़ा, हमीरपुर, बैजनाथ, बिलासपुर और पठानकोट सहित अन्य क्षेत्रों से चंडीगढ़ व दिल्ली जाने वाली बसें भी ऊना तक ही पहुंचीं। पंजाब में आगे आवाजाही बंद होने के कारण बसों को ऊना से आगे नहीं भेजा गया। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पंजाब बंद के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम, हरियाणा रोडवेज और चंडीगढ़ परिवहन निगम की बसें भी ऊना बस स्टैंड तक ही पहुंचीं। इन बसों को आगे पंजाब के लिए रवाना नहीं किया गया। दिनभर कई बसें ऊना बस स्टैंड परिसर में खड़ी रहीं। वहीं, पंजाब रोडवेज की बसें नंगल तक ही संचालित हुईं। बसों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण ऊना डिपो की बसों को रामपुर स्थित वर्कशॉप और पुराने बस अड्डे के परिसर में खड़ा किया गया। दिल्ली, चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और जालंधर सहित पंजाब के अन्य शहरों की ओर जाने वाले यात्री परेशान हुए।

चंडीगढ़-दिल्ली जाने वाले यात्री हुए परेशान
कांगड़ा, हमीरपुर, बैजनाथ और बिलासपुर सहित अन्य क्षेत्रों से चंडीगढ़ व दिल्ली के लिए चलने वाली बसें ऊना तक ही पहुंच सकीं। पंजाब में रास्ते बंद होने के कारण बसों को आगे नहीं भेजा गया। ऐसे में ऊना से आगे जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी पड़ी। पंजाब बंद का असर लंबी दूरी की बस सेवाओं पर भी पड़ा। हरियाणा रोडवेज और सीटीयू की बसों के ऊना तक सीमित रहने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।

दोपहर दो बजे के बाद बद्दी के लिए चलीं बसें
पंजाब बंद के दौरान रोपड़-कुराली और चंडीगढ़-दिल्ली मार्ग पर कई स्थानों पर रास्ते बंद किए गए थे। आनंदपुर साहिब के पास भी मार्ग बंद होने से बसों की आवाजाही प्रभावित रही। हालांकि, दोपहर करीब दो बजे के बाद वहां रास्ता खुलने से ऊना से बद्दी के लिए बस सेवा बहाल हो गई। इसके बाद एचआरटीसी ने छह बसें बद्दी के लिए रवाना कीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App