लघट में 5.83 चिट्टा और 1.90 लाख नकदी बरामद
बरमाणा पुलिस की त्वरित कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं चार मामले
निजी संवाददाता-बरमाणा
जिला बिलासपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरमाणा पुलिस ने लघट में कार्रवाई करते हुए 5.83 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, एक लाख 90 हजार रुपये नकद और एक स्कूटर बरामद किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना बरमाणा में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, 14 अक्तूबर को गश्त के दौरान रेन शेल्टर लघट के पास कार्रवाई की गई। इसके बाद मुख्य आरोपी अजय कुमार उर्फ आजाद के रिहायशी मकान की तलाशी ली गई, जहां से नशीला पदार्थ, नकदी और स्कूटर बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार उर्फ आजाद (35) निवासी लघट, अजय (26), और मुनीष (25), दोनों निवासी जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस थाना बरमाणा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी पर पहले भी चार मामले
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अजय कुमार उर्फ आजाद के खिलाफ इससे पहले भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 और 2024 में स्वारघाट थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले, वर्ष 2025 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला और वर्ष 2026 में बरमाणा थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामला शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की बार-बार कथित संलिप्तता को देखते हुए पूर्व मामलों में उसकी जमानत रद्द करवाने के लिए माननीय न्यायालय में आवेदन दायर किया जाएगा।
मारपीट का आरोप
भराड़ी। घुमारवीं उपमंडल के बरोटा गांव में एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला ने पुलिस थाना भराड़ी में शिकायत दर्ज करवाई है कि 14 अक्तूबर को एक व्यक्ति उसके आंगन में आया और उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है। वहीं पुलिस गहनता से सारे मामले की जांच कर रही है।
धमकी देने पर केस दर्ज
घुमारवीं। घुमारवीं उपमंडल के जबल्याणा गांव में एक महिला के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस थाना घुमारवीं में शिकायत दर्ज करवाई कि 14 अक्तूबर को गैहरी, जबल्याणा निवासी एक व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
