अब किसानों के घर पहुंचेगी फसल बीमा पॉलिसी
बिलासपुर में मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान शुरू, मिलेगा सीधा लाभ
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
किसानों को फसल बीमा पॉलिसियों के दस्तावेज घर-द्वार पर उपलब्ध करवाने के लिए बिलासपुर में मेरी पॉलिसी मेरे हाथ विशेष अभियान शुरू किया गया। उपनिदेशक कृषि कुलभूषण धीमान की अध्यक्षता में शुरू हुआ यह अभियान गुरूवार 15 अक्तूबर से अगले एक माह 15 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत भारतीय कृषि बीमा कंपनी के प्रतिनिधि ऋणी किसानों के घर जाकर उन्हें बीमा पॉलिसियां वितरित करेंगे। कुलभूषण धीमान ने बताया कि बिलासपुर जिले में 13 हजार 241 ऋणी किसानों ने 2 हजार 830 हेक्टेयर कृषि भूमि पर मक्का और धान की फसलों का बीमा करवाया है।
अभियान के दौरान इन सभी किसानों तक बीमा पॉलिसियों के दस्तावेज पहुंचाए जाएंगे। इसका उद्देश्य किसानों को बीमा संबंधी दस्तावेज उपलब्ध करवाने के साथ उन्हें फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक करना है। साथ ही उन्होंने बताया कि पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत जिले में लहसुन की फसल का बीमा करवाने की प्रक्रिया 1 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी। जिला बिलासपुर कृषि विभाग के उपनिदेशक कुलभूषण धीमान ने कहा कि प्रतिकूल मौसम और प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण फसलों को नुकसान होता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
