मौसम में बदलाव से बढ़े वायरल के मरीज

By: Oct 17th, 2026 12:54 am

पांवटा अस्पताल में रोजाना पहुंच रहे 500 से 600 मरीज; सर्दी-जुकाम, बुखार और खांसी की शिकायतें बढ़ीं
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में पिछले एक सप्ताह से मौसम में आए बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सिविल अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 500 से 600 मरीज सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों की संख्या अधिक देखी जा रही है। अक्तूबर के शुरुआती दिनों में सुबह और रात के समय ठंड बढऩे से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, जबकि दिन में मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है। पांवटा साहिब अस्पताल के एसएमओ डा. सुधि गुप्ता के अनुसार मौसम में बदलाव के कारण वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीज बढ़े हैं। इसके अलावा कोल्ड डायरिया के मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।

उन्होंने लोगों को खान-पान और रहन-सहन में सावधानी बरतने की सलाह दी। बुखार होने पर मलेरिया सहित अन्य संभावित कारणों की जांच करवाने और डेंगू से बचाव के लिए घर व आसपास सफाई रखने पर भी जोर दिया। डा. एवी राघव और डा. पीयूष तिवारी ने बताया कि दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने, ठंडी चीजों से परहेज करने और पर्याप्त पानी पीने की जरूरत है। बच्चों को सुबह उठते ही ठंड में बाहर भेजने और नंगे पैर फर्श पर चलने से बचाना चाहिए। पानी कम पीने से शरीर में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App