मिनी सचिवालय में काम शुरू, पहले दिन तीन दफ्तर शिफ्ट

By: Oct 22nd, 2026 12:02 am

बलद्वाड़ा में उद्घाटन को लेकर दिखा सियासी ड्रामा, भाजपा-कांग्रेस ने काटे फीते, मुख्यमंत्री बीते साल 15 अगस्त को कर चुके हैं शुभारंभ

निजी संवाददाता- पटड़ीघाट
क्षेत्र के बलद्वाड़ा स्थित मिनी सचिवालय में महीनों के इंतजार के बाद बुधवार को आखिरकार कामकाज शुरू हो गया। एक ही छत के नीचे विभिन्न कार्यालयों की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से तैयार किए गए इस भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 15 अगस्त, 2025 को ही कर चुके थे, लेकिन इसके बाद भी यहां कार्यालयों की शिफ्टिंग और कामकाज शुरू होने में कई महीने लग गए। लगभग 16 महीनों बाद बुधवार से मिनी सचिवालय में काम काज शुरू हुआ, लेकिन इसके साथ ही बुधवार को उद्घाटन को लेकर राजनीतिक ड्रामा भी देखने को मिला। बुधवार सुबह सबसे पहले भाजपा विधायक दिलीप ठाकुर अपने समर्थकों के साथ मिनी सचिवालय पहुंचे। पूजा अर्चना करने के बाद फीता काट कर उदघाटन किया तो उसके बाद कांग्रेस नेता पवन ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं संग पहुंच कर फीता काट कर उदघाटन कर डाला।

मिनी सचिवालयका शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 24 दिसंबर 2018 को किया था। जिसके बाद इसके निर्माण और शुरू होने में ही लगभग 6 साल का अरसा लग गया। कामकाज शुरू होने के साथ श्रेय लेने की सियासत भी चर्चा में मिनी सचिवालय का वास्तविक उद्देश्य लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं देना है, लेकिन कामकाज शुरू होने के दिन ही भाजपा विधायक और कांग्रेस प्रदेश महासचिव की ओर से अलग-अलग उद्घाटन किए जाने से राजनीतिक माहौल भी गरमा गया। दोनों दलों की गतिविधियों ने इस प्रशासनिक सुविधा के शुभारंभ को सियासी चर्चा का विषय बना दिया। फिलहाल, क्षेत्रवासियों के लिए राहत की बात यह है कि महीनों के इंतजार के बाद मिनी सचिवालय में कार्यालयों का कामकाज शुरू हो गया है। निगाहें इस बात पर रहेंगी कि एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई गई इन सुविधाओं से उन्हें कितनी जल्दी और कितनी प्रभावी राहत मिलती है।

तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी और जलशक्ति विभाग एक जगह

मिनी सचिवालय में तहसील कार्यालय, लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों को एक ही परिसर में संचालित करने की व्यवस्था की गई है। हालांकि, पहले दिन तहसील कार्यालय, लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के कार्यालय ही मिनी सचिवालय में शिफ्ट हो सके हैं। जबकि अन्य कार्यालयों को शिफ्ट होने में अभी एक दो दिन
और लगेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App