बाजारों में छाई त्योहारी रौनक, करवाचौथ-दीवाली की खरीददारी को उमड़े लोग

By: Oct 22nd, 2026 12:02 am

मंडी में कपड़ा, सर्राफा और गिफ्ट शॉप पर बढ़ी चहल-पहल; सेल और लुभावने ऑफर खींच रहे ग्राहकों का ध्यान, शुक्र के अस्त का असर भी हुआ बेअसर

कार्यालय संवाददाता- मंडी
छोटी काशी मंडी के बाजारों में त्योहारी सीजन ने रौनक लौटा दी है। करवा चौथ और दीपावली की तैयारियों के चलते दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढऩे लगी है। कपड़ा बाजार से लेकर सर्राफा, गिफ्ट शॉप और कॉस्मेटिक की दुकानों तक लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि शुक्र के अस्त होने का असर पहले देखने का मिल रहा था, लेकिन अब अस्त का असर भी बेअसर हो रहा है। दुकानदारों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बाजारों में और अधिक चहल-पहल देखने को मिलेगी। हालांकि, कुछ कारोबार अभी भी मंदी से जूझ रहे हैं।

इसके साथ ही ऑटो सेक्टर में अब भी तेजी आने लगी है। हर रोज बुकिंग का सिलसिला जारी है। त्योहारी खरीदारी के बीच दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट और आकर्षक ऑफर दे रहे हैं। कपड़ा बाजार में करवा चौथ और दीपावली के साथ शादी समारोहों की तैयारियों का भी असर दिखने लगा है। लोग अपने और परिजनों के लिए कपड़े खरीदने के साथ उपहारों की खरीदारी भी कर रहे हैं। दीपावली के ठीक बाद शादियों का सीजन शुरू होने से कपड़ा कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कुल मिलाकर, त्योहारी सीजन ने मंडी के बाजारों में कारोबारियों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। आकर्षक छूट, उपहार योजनाओं और शादी समारोहों की खरीदारी के चलते बाजारों में रौनक बढ़ रही है। अब कारोबारियों को धनतेरस और दीपावली के दौरान अच्छी बिक्री होने की आस है।

सर्राफा बाजार में भी बढ़ी हलचल
सोने के दामों में लगातार गिरावट का असर सर्राफा बाजार में भी देखने को मिल रहा है। ग्राहकों की दिलचस्पी बढऩे के साथ कुछ दुकानों पर खरीदारी में तेजी आई है। सर्राफा कारोबारियों की ओर से ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मेकिंग चार्ज में छूट और अन्य आकर्षक योजनाएं भी दी जा रही हैं। कुछ दुकानों पर एक लाख रुपए से अधिक की खरीदारी करने वाले ग्राहकों को लक्की कूपन दिए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से स्कूटी तक जीतने का मौका मिल रहा है।
ऑटो सेक्टर को धनतेरस से बड़ी उम्मीद
ऑटो सेक्टर में भी बुकिंग का सिलसिला जारी है। कारोबारियों को धनतेरस के अवसर पर वाहनों की बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है। त्योहारों के दौरान नया वाहन खरीदना शुभ मानने वाले ग्राहक अभी से बुकिंग करवा रहे हैं। ऐसे में ऑटो कारोबारियों की नजर धनतेरस पर टिकी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App