दिवाली-भैयादूज पर घर लौटने को राहत, 86 विशेष बसें चलेंगी
धर्मशाला मंडल से छह और सात नवंबर को दिल्ली-चंडीगढ़ से बसों का होगा संचालन
स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला
दिवाली और भैयादूज समेत अन्य त्योहारों पर घर आने-जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के धर्मशाला मंडल की ओर से विशेष बसें चलाई जाएंगी। छह और सात नवंबर को दिल्ली और चंडीगढ़ से हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। दिल्ली से दोनों दिन मिलाकर 28 बसें और चंडीगढ़ से दोनों दिन मिलाकर 58 बसें निर्धारित हैं। इस प्रकार कुल 86 बसें विशेष रूप से चलाई जाएंगी। हालांकि मंडल की ओर से डिमंाड ओर बढऩे पर अन्य स्पेशल बसों की भी व्यवस्था की जाएगी।
इसके लिए निगम ने बसों की संख्या और रूट निर्धारित कर दिए हैं। विशेष बसों के संचालन से बाहरी राज्यों में नौकरी और कामकाज करने वाले लोगों को त्योहारों पर घर पहुंचने में सुविधा मिलेगी। वहीं, त्योहार मनाने के बाद वापस कार्यस्थलों पर लौटने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी। दिल्ली से छह नवंबर को पालमपुर के लिए तीन, बैजनाथ के लिए दो, धर्मशाला के लिए दो सामान्य और एक वोल्वो, नगरोटा बगवां के लिए तीन तथा जोगिंद्रनगर के लिए दो बसें चलाई जाएंगी। सात नवंबर को दिल्ली से पालमपुर के लिए चार, बैजनाथ के लिए तीन, धर्मशाला के लिए दो सामान्य और एक वोल्वो, नगरोटा बगवां के लिए तीन तथा जोगिंद्रनगर के लिए दो बसें चलेंगी। इस तरह दिल्ली से छह नवंबर को कुल 13 और सात नवंबर को 15 बसों का संचालन होगा। इसी तरह चंडीगढ़ से छह नवंबर को चंबा, पठानकोट, धर्मशाला, नगरोटा बगवां, पालमपुर और बैजनाथ को पांच-पांच बसें चलाई जाएंगी। सात नवंबर को चंबा और पठानकोट के लिए चार-चार तथा धर्मशाला, नगरोटा बगवां, पालमपुर और बैजनाथ के लिए पांच-पांच बसें उपलब्ध रहेंगी। चंडीगढ़ से छह नवंबर को कुल 30 और सात नवंबर को 28 बसें चलेंगी।
घर पहुंचाने के साथ वापसी की भी रहेगी व्यवस्था
एचआरटीसी धर्मशाला मंडल के डीएम पंकज चड्ढा ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष बसों का संचालन किया जा रहा है। बाहरी राज्यों में कार्यरत लोगों को त्योहारों पर घर पहुंचाने के साथ ही छुट्टियां समाप्त होने पर उन्हें वापस कार्य स्थलों तक पहुंचाने के लिए भी बसों की व्यवस्था रहेगी। निगम का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवाजाही में परेशानी न हो और वह सुविधाजनक तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
