घालूवाल-झलेड़ा के बीच स्वां पर डबललेन पुल का काम शुरू

By: Oct 22nd, 2026 12:02 am

37 करोड़ से बनेगा 292.50 मीटर लंबा पुल,14.50 मीटर होगी ब्रिज की चौड़ाई, आठ स्पैन के साथ दोनों ओर होंगे फुटपाथ, एक साल में होगा पूरा

नगर संवाददाता-ऊना
घालूवाल और झलेड़ा के बीच स्वां नदी पर 6 दशक पुराने पुल के साथ नए डबललेन पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल के निर्माण के लिए ठेकेदार ने जोरों-शोरों से काम शुरु कर दिया है। पुल का निर्माण कार्य सतीश शर्मा एंड कंपनी को सौंपा गया है। कंपनी को एक साल के भीतर निर्माण पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। नए पुल के बनने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और लोगों को पुराने पुल की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित पुल 292.50 मीटर लंबा और 14.50 मीटर चौड़ा होगा। इसमें कुल आठ स्पैन बनाए जाएंगे। पुल के दोनों ओर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ का निर्माण भी किया जाएगा। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। पुल की चौड़ाई अधिक होने से वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी। पुल निर्माण के लिए शुरुआती तैयारियां शुरु हो गई है। निर्माण स्थल पर जहां क्रेन, सरिया और अन्य मशीनरी सहित अन्य आवश्यक सामग्री पहुंच चुकी थी। वहीं अब पुल के पिल्लर बनने शुरु हो गए हैं। पिल्लर तैयार करने के लिए लोहे की प्लेटें अंब में बनाई जा रही हैं। नए डबललेन पुल के निर्माण से लोगों को सुविधा मिलेगी और दिक्कत कम होगी। वहीं लोगों में खुशी है।

बरसात में क्षतिग्रस्त हुआ था पुराना पुल

घालूवाल-झलेड़ा के बीच स्वां नदी पर मौजूदा पुल का निर्माण वर्ष 1962 में तत्कालीन पंजाब के मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों के कार्यकाल में करवाया गया था। करीब छह दशक से अधिक समय तक यह पुल क्षेत्र के लोगों की आवाजाही का प्रमुख माध्यम रहा है। इस पुल ने वर्ष 1988 में आई बढय़ंकर बाढ़ को भी झेला है।

तीन साल पहले पुल को बाढ़ से हुआ था नुकसान
वर्ष 2023 में बरसात के दौरान पुल को काफी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद संबंधित विभाग ने मरम्मत करवाकर इस पर यातायात बहाल किया था। हालांकि, पुराने पुल की स्थिति को देखते हुए नए पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। झलेड़ा से वनखंडी तक नेशनल हाईवे प्रस्तावित है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App