पंजोआ खुर्द के प्रधान ने ग्रामीणों संग किया प्रदर्शन
सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर आर-पार के मूड में लोग, बढऩे लगा विवाद
स्टाफ रिपोर्टर-अंब
विकास खंड अंब के तहत पंचायत लडोली पंजोआ खुर्द में सरकारी भूमि की निशानदेही को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब पंचायत प्रधान की अगवाई में ग्रामीणों ने सरकारी भूमि पर कथित कब्जे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को एकत्रित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर सरकारी जमीन खाली करो के नारे लगाए और बाजार में रोष मार्च भी निकाला। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करवाने और विवाद का स्थाई समाधान करने की मांग उठाई। पंचायत प्रधान शशि कुमारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकारी रास्ते की निशानदेही जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण मामला है। उन्होंने 17 अक्टूबर को हुई निशानदेही की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि सरकारी भूमि की पहचान और उसके उचित उपयोग को लेकर प्रशासन की कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में बाधा डालने के बजाय सभी को जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। प्रधान ने संबंधित भूमि के दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि क्षेत्र में कई खसरा नंबर हिमाचल प्रदेश सरकार के स्वामित्व में हैं तथा लोक निर्माण विभाग से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि इन खसरा नंबरों पर नियमानुसार निशानदेही की गई है। ऐसे में सरकारी भूमि की स्थिति स्पष्ट होने के बाद रास्ते को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने के बजाय समस्या का समाधान किया जाना चाहिए। निशानदेही के दौरान कुछ लोगों का निजी भूमि का कुछ हिस्सा नई सडक़ के दायरे में आ रहा था। जनहित को देखते भूमि विभाग के नाम गिफ्ट डीड के माध्यम से हस्तांतरित कर दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
