इंस्पायर अवॉर्ड विजेता एकमजीत को किया सम्मानित

By: Oct 22nd, 2026 12:01 am

ऊना। राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में विजेता बनीं रॉकफोर्ड डे बोर्डिंग पब्लिक स्कूल, ऊना की छात्रा एकमजीत कौर सुरयाल का बुधवार को उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (माध्यमिक) ऊना के कार्यालय में सम्मान किया गया। उपनिदेशक अनिल कुमार तक्खी ने छात्रा, उनके माता-पिता, स्कूल प्रधानाचार्य और विज्ञान अध्यापिका को बधाई दी। एकमजीत ने 12वीं राष्ट्रस्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में अपनी परियोजना ‘मल्टीपर्पज ओवन विद एयर कंडीशनर’ के दम पर विजेता परियोजनाओं में स्थान हासिल किया। वह स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा हैं। जिला नोडल अधिकारी इंस्पायर पुष्पा रानी ने उनकी उपलब्धि की जानकारी दी। एकमजीत ने सफलता का श्रेय स्कूल के प्रधानाचार्य शगुन सिक्का, विज्ञान अध्यापिका रीटा राणा और अपने माता-पिता के मार्गदर्शन व सहयोग को दिया। उनके पिता इकबाल सिंह राजकीय उच्च पाठशाला हीरा में विज्ञान अध्यापक हैं। उपनिदेशक अनिल कुमार तक्खी ने कहा कि एकमजीत की उपलब्धि जिला ऊना के साथ पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता के लिए प्रेरित करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App