अर्की को मिली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सौगात

By: Oct 22nd, 2026 12:02 am

1.80 करोड़ से नवनिर्मित भवन का विधायक संजय अवस्थी किया लोकार्पण, लोगों की समस्याएं भी सुनी

स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि विकास की सकारात्मक सोच के साथ जन-जन के उत्थान और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बुधवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरयांज में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इसके उपरांत उन्होंने जनसमूह को संबोधित किया। विधायक ने ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत सरयांज में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य जगदीश ठाकुर और राजेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत सरयांज की प्रधान हेमलता ठाकुर, ग्राम पंचायत बखालग के प्रधान सुरेंद्र पाठक, सरयांज पंचायत के उपप्रधान गौरव ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के कपिल ठाकुर, रतिराम, कलीराम और बेलीराम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी, पुलिस उपाधीक्षक दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, खंड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर, राज्य विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता संदीप कुमार तथा लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता राजेश कुमार विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App