एवीएन स्कूल नाहन की दिव्यांशी और आफिया प्रोजेक्ट रिपोर्ट में करेंगी सिरमौर का प्रतिनिधित्व

By: Oct 22nd, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
एवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन के विद्यार्थियों ने विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन में अपना वर्चस्व कायम रखा। स्कूल की दो होनहार छात्राएं राज्य स्तर पर होने वाले बाल विज्ञान सम्मेलन में सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेंगी। स्कूल के संस्थापक प्रधानाचार्य केके चंदोला के अनुसार इस बार भी उनके विद्यार्थियों ने बाल विज्ञान सम्मेलन में अपनी-अपनी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके स्कूल का नाम रोशन किया। प्रधानाचार्य केके चंदोला के अनुसार उनके स्कूल की छात्रा दिव्यांशी ने जिला स्तर पर सीनियर साइंस प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, आफिया ने भी जूनियर साइंस प्रोजेक्ट रिपोर्ट की प्रतियोगिता में प्रथम, आरव और देवानी ने जूनियर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में तृतीय स्थान और देवांश, अमन, वैभव, परीक्षित, सत्यम और मनन ने एकांकी में जिला स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया। सह-प्रतियोगियों यामिनी और कार्तिक का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।

उपरोक्त प्रतिभागियों में से दिव्यांशी और आफिया राज्य स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस सराहनीय प्रदर्शन के लिए प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों सहित उनके गाइड अध्यापकों श्रीकांत, अर्जुन सिंह, सुनीता देवी और आशा कश्यप को भी अपनी बधाई प्रेषित की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App