विशेष

सोलर इंजीनियरिंग : एनर्जी के क्षेत्र में संवारें करियर

By: Oct 23rd, 2026 12:08 am

दुनिया भर के अधिकतर देश सोलर एनर्जी के क्षेत्र में तेजी से निवेश कर रहे हैं। ऐसे में इस फील्ड में विभिन्न प्रकार के तकनीशियनों की मांग बढ़ रही है यानी दुनिया को थोड़ा बेहतर बनाने के साथ ही आप अपने जीवन स्तर को भी बेहतर कर सकते हैं। भविष्य में इस क्षेत्र में नौकरी के कई अवसर होंगे..

आज दुनिया कई जलवायु परिवर्तन संबंधित समस्याओं से जूझ रही है। यही कारण है कि आज के समय में पूरी दुनिया में अक्षय ऊर्जा को काफी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें सौर ऊर्जा की मांग सबसे ज्यादा है। इस लिहाज से यह कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले समय में सोलर सेक्टर में करियर बनाने की चाहत रहने वाले युवाओं के लिए मौकों की कोई कमी नहीं होगी। दुनिया में सोलर एनर्जी उद्योग तेजी से बढ़ रहा है। इसकी मांग इसकी आपूर्ति से कहीं अधिक है। सौर उद्योग में कौशल प्राप्त किए हुए व्यक्तियों की नियुक्ति से इस अंतर को कम करने में मदद मिलेगी। सोलर एनर्जी सीधे सूर्य से प्राप्त होती है। दो तरीकों से इसे प्राप्त किया जाता है। पहला- प्रकाश विद्युत सेल की मदद से और दूसरा- किसी तरल पदार्थ को सूर्य की ऊष्मा से गर्म करने के बाद इससे विद्युत जनित संयंत्र चलाकर।

सोलर इंजीनियर का काम

यदि आप एक सोलर इंजीनियर के रूप में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो आपके लिए सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि इस सेक्टर में आपको काम क्या करना होगा। बता दें कि सोलर सेक्टर में एक इंजीनियर के तौर पर आपके पास साइट विजिट, सोलर प्रोजेक्ट्स की प्लानिंग एंड डिजाइनिंग, क्लाइंट कंसल्टेशन, सोलर इंस्टालेशन और इसके सुपर विजन जैसे कई कार्य होंगे। सोलर इंजीनियर सोलर एनर्जी के कई तकनीकी क्षेत्रों में काम करते हैं। उनका मुख्य काम शोध करना और नए प्रोडक्ट की डिजाइनिंग और उन्हें विकसित करना होता है।

वे डाटा एकत्रित और प्रबंधित करते हैं, ताकि सोलर एनर्जी यंत्रों का निर्माण कर सकें। सोलर इंजीनियर सोलर पैनल, सोलर एनर्जी से चलने वाली तकनीकों, संवाद प्रणाली, नेविगेशन प्रणाली, हीटिंग व कूलिंग प्रणाली आदि को भी विकसित करने का काम करते हैं। ये पेशेवर सोलर एनर्जी से संबंधित यंत्रों और सोलर एनर्जी संयंत्रों के रखरखाव के लिए भी जिम्मेदार होते हैं। इस क्षेत्र में केमिकल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इंडस्ट्रियल और कम्प्यूटर में विशेषज्ञता प्राप्त करने वाले इंजीनियर भी काम कर सकते हैं। इन पेशेवरों को कार्यालय के साथ फील्ड वर्क भी करना पड़ता है।

यह योग्यता आवश्यक

इस क्षेत्र में भरपूर मौके उपलब्ध हैं। इसमें करियर बनाने के लिए कुछ योग्यताएं होना आवश्यक है। इसके लिए 12वीं में गणित, केमिस्ट्री और फिजिक्स जैसे विषयों के साथ 60 फीसदी अंकों से पास होना अनिवार्य है। इसके बाद छात्र मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री कर सकते हैं, जो लोग सोलर इंजीनियर के रूप में करियर बनाना चाहते हैं, वे केमिस्ट्री, कम्प्यूटर साइंस, सिविल इंजीनियरिंग या इससे संबंधित विषयों में भी विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं। इसके अलवा एनर्जी पॉलिसी, सोलर एनर्जी एंड फोटोवॉल्टिक, रिन्यूएबल एनर्जी और जियोथर्मल एनर्जी में भी मास्टर्स कोर्स कर सकते हैं।

ये कर सकते हैं कोर्स

बीई/बीटेक इन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग
एमई /एमटेक इन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग
बीएससी इन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग
एमएससी इन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग
बीटेक सोलर एंड अल्टरनेटिव एनर्जी
एमटेक इन रिन्यूएबल एनर्जी

देनी पड़ेगी प्रवेश परीक्षा

यदि आप एक सोलर इंजीनियर के रूप में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो आपको किसी भी कालेज में दाखिला लेने के लिए कई प्रवेश परीक्षाओं को पास करना होगा। जहां आपको अपने प्रदर्शन के आधार पर कालेज में दाखिला मिलेगा। इलेक्ट्रिकल और केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री के लिए इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाओं में शामिल होना पड़ता है। देश के सबसे बड़े इंजीनियरिंग संस्थानों आईआईटी और एनआईटी में एडमिशन लेने के लिए जेईई पास करना जरूरी है। जेईई एग्जाम दो चरणों में होता है- जेईई मेन और जेईई एडवांस। जो छात्र जेईई मेन क्लियर करते हैं, उन्हें ही जेईई एडवांस में बैठने का मौका मिलता है।

जिम्मेदारियां

क्लाइंट कंसल्टेशन: इस स्तर पर सोलर इंजीनियरों को क्लाइंट से उनकी सोलर एनर्जी की जरूरतों, उनकी उम्मीदों, उनके बजट और उनके प्रोजेक्ट की सीमाओं के बारे में बातचीत करनी पड़ती है।

साइट का दौरा करना: इस स्तर पर सोलर एनर्जी प्लांट बनाने के लिए चिन्हित स्थान का दौरा करना पड़ता है। यह बेहद आवश्यक है, क्योंकि ये आगे की प्लानिंग करने में काम आता है। इसके अनुसार आप सौर किट, उनकी क्षमताओं और इंस्टॉलेशन के लिए यंत्रों का चयन कर सकते हैं। साइट की समीक्षा करने से आपको बजट को ठीक तरीके से खर्च करने की प्लानिंग करने में मदद मिलती है।

डिजाइन का चरण: इस स्तर पर सोलर इंजीनियर पैनल बनाते हैं और एनर्जी को कन्वर्ट करने वाला इंजन बनाते हैं। इसमें सभी उपकरणों की प्रणालियों को टेस्ट किया जाता है। इन पेशेवरों की जिम्मेदारी ऐसे किट बनाने की होती है, जो न सिर्फ क्षमतावान हों, बल्कि दिखने में भी अच्छे हों।

कार्यान्वयन का चरण: डिजाइन में हर प्रकार से सुधार करने के बाद अगला कदम साइट पर किट्स के इंस्टॉलेशन का होता है। इस दौरान छतों पर चढक़र या जमीन पर ही पैनलों को इंस्टॉल करने का काम करना पड़ता है। इसके बाद सोलर पैनलों का परीक्षण किया जाता है, ताकि उसमें आ रही तकनीकी रुकावटों को दूर किया जा सके। साथ ही यह देखा जाता है कि वे आपके क्लाइंट की जरूरतों को पूरा कर रहे हैं या नहीं।

रखरखाव का चरण: रखरखाव का चरण सबसे अंतिम होता है। सोलर एनर्जी पैनलों, किट और उससे संबंधित मशीनों को नियमित रूप से जांचने की जरूरत होती है। इससे अचानक होने वाले फेलियर या अन्य परेशानियों को दूर करने में मदद मिलती है। इस चरण में किट और उपकरणों की दशा के बारे में रिपोर्ट भी लिखनी पड़ती है। इन रिपोट्र्स की मदद से पेशेवर आने वाले इंस्टॉलेशन को बेहतर करने के तरीके ढंूढ़ते हैं।

जरूरी स्किल्स

ऑडिटिंग: सोलर इंजीनियर में ऑडिटिंग करने की स्किल होनी चाहिए। इन्हें हमेशा सौर ऊर्जा साइटों को ऑडिट करना पड़ता है, ताकि इलेक्ट्रिकल और स्ट्रक्चरल जानकारी एकत्रित की जा सके। ऑडिटिंग की मदद से यंत्रों की डिजाइनिंग के दौरान डिजाइन मॉडल को बनाने के लिए कई अहम जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं।

डिजाइनिंग: यह सबसे अहम स्किल है, जो सोलर इंजीनियर के काम को बाकी इंजीनियरों से अलग करता है। इन पेशेवरों को फोटोवॉल्टिक सिस्टम या सोलर थर्मल सिस्टम डिजाइन करना आना चाहिए। प्रोजेक्ट के अनुसार इंजन और अन्य प्रणालियों की डिजाइनिंग करना सबसे अहम कार्य माना जाता है।

ड्राइंग और निर्माण: कम्प्यूटर ऐडेड डिजाइन प्रोग्राम पर लाइन डाइग्राम और पैनल शेड्यूल बनाने का ज्ञान होना चाहिए। अपने डिजाइनों के स्केच तैयार करने की स्किल होना जरूरी है। स्केच के जरिए ही यंत्रों के निर्माण की पूरी प्रक्रिया को समझाया जा सकता है।

संगठनात्मक कौशल: क्लाइंट के सौर ऊर्जा सिस्टम को विकसित करने के लिए प्लानिंग करना, यंत्रों और उपकरणों की जांच करना और समय रहते गलतियों में सुधार करना सोलर इंजीनियरिंग के महत्त्वपूर्ण कौशलों में से एक है। इसके साथ ही इंस्टॉलेशन टीम को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने का ज्ञान होना भी आवश्यक है।

संवाद कौशल: सोलर इंजीनियर के लिए संवाद कौशल की कला में पारंगत होना भी अत्यंत आवश्यक है। उसे विभिन्न टीमों के साथ लगातार बेहतर संवाद करना आना चाहिए। क्लाइंट की जरूरतों को समझने और विभिन्न टीमों की आवश्यकताओं को समझने के लिए उनसेे लगातार बातचीत करने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अच्छी कम्युनिकेशन स्किल से उसे लाभ मिलता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App