92 लाख से बदलेगी हरिपुरधार अस्पताल की सूरत
जर्जर भवनों की होगी मरम्मत; नई एक्स-रे मशीन होगी इंस्टाल, नए उपकरणों से स्वास्थ्य सुविधा होगी दुरुस्त
निजी संवाददाता-नौहराधार
गिरिपार क्षेत्र के दूरदराज हरिपुरधार अस्पताल की बदहाल तस्वीर अब जल्द बदलने की उम्मीद जगी है। सरकार ने अस्पताल की मरम्मत और सुधार कार्यों के लिए 92 लाख रुपए का बजट मंजूर किया है। इससे लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े अस्पताल भवनों की मरम्मत और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके अलावा अस्पताल में नया एक्स-रे मशीन भी स्थापित की जाएगी, जिससे मरीजों को छोटी-छोटी जांचों के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हरिपुरधार अस्पताल क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रमुख केंद्र है। लंबे समय से अस्पताल की इमारतें बदहाली का शिकार हैं।
भवनों की खराब हालत के चलते मरीजों और तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब 92 लाख रुपए की स्वीकृति मिलने के बाद स्थानीय लोगों को अस्पताल की व्यवस्था में सुधार की उम्मीद बंधी है। इस संबंध में संगड़ाह के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कक्कड़ ने बताया कि हरिपुरधार अस्पताल की मरम्मत और रखरखाव के लिए 92 लाख रुपए का सैंक्शन ऑर्डर प्राप्त हो चुका है। जैसे ही यह बजट लोक निर्माण विभाग को जारी होगा, मरम्मत कार्य तेजी से शुरू करवा दिया जाएगा। अस्पताल में नया एक्स-रे प्लांट लगाने की भी योजना है।
भवन सुधरेगा, तो स्टाफ की कमी कैसे होगी दूर
अस्पताल के भवन की मरम्मत के लिए बजट मंजूर होने से राहत जरूर मिली है, लेकिन डॉक्टरों और चिकित्सा स्टाफ की कमी अभी भी बड़ी समस्या बनी हुई है। वर्तमान में अस्पताल सीमित स्टाफ के सहारे चल रहा है। इससे ओपीडी में आने वाले मरीजों को उपचार के लिए परेशान होना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल भवन सुधारने से स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर नहीं होंगी, बल्कि पर्याप्त चिकित्सकों और कर्मचारियों की तैनाती भी जरूरी है।
रिक्त पद भरने की भी उठाई मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वीकृत बजट का उचित उपयोग कर जल्द मरम्मत कार्य शुरू करवाया जाए। साथ ही अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा कर्मचारियों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए, ताकि दूरदराज के ग्रामीणों को बेहतर उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
