देवसेना जैसा किरदार निभाना चाहती हैं अंबिका वाणी

By: Nov 27th, 2026 2:13 pm

मुंबई। टेलीविजन अभिनेत्री अंबिका वाणी बड़े पर्दे पर बाहुबली की देवसेना जैसा दमदार किरदार निभाना चाहती हैं। सन नियो के शो दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी में मीशा की भूमिका निभा रहीं अंबिका का कहना है कि उन्हें ऐसे किरदार आकर्षित करते हैं, जिनमें रानी जैसी शालीनता और योद्धा जैसा साहस हो। अंबिका वाणी का मानना है कि फिल्म बाहुबली में देवसेना का किरदार इन दोनों खूबियों का शानदार मेल है। देवसेना अपनी खूबसूरती और गरिमा के साथ-साथ निडरता, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों में मजबूती से खड़े रहने के लिए जानी जाती हैं।

अंबिका भी भविष्य में इसी तरह का किरदार निभाना चाहती हैं, जिसमें पारंपरिक अंदाज के साथ एक्शन, भावनाएं और मजबूत सोच का संगम हो। अपने सपनों के किरदार के बारे में अंबिका ने कहा कि मैं ऐसा किरदार निभाना चाहती हूं, जिसमें एक रानी जैसी शालीनता और एक योद्धा जैसा साहस हो। देवसेना मुझे इसलिए पसंद हैं, क्योंकि वह अपनी बात मजबूती से रखती हैं और किसी भी मुश्किल के सामने हार नहीं मानतीं। मैं भी ऐसा किरदार निभाना चाहती हूं, जो अपने आत्मविश्वास और हिम्मत से लोगों को प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि ऐसे किरदार निभाना उनके लिए खास होगा, जो सिर्फ खूबसूरती के दम पर नहीं, बल्कि अपनी हिम्मत, समझदारी और मजबूत इरादों से दर्शकों के दिलों में जगह बनाएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App