देव संगम देखने को उमड़ा जनसैलाब

By: Feb 27th, 2017 12:07 am

मंडी —  अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर एक तरफ जहां पड्डल मैदान में देव ध्वनि में हजारों बजंतरी देवधुनें बजा रहे थे, वहीं दूसरी तरफ कालेज मैदान में हजारों लोग देवी-देवताओं के दर्शन को उमडे़। रविवार का दिन होने के चलते पड्डल मैदान में शिवरात्रि महोत्सव के दूसरे ही दिन खूब भीड़ उमड़ी। यूं तो शिवरात्रि महोत्सव के दौरान रविवार का दिन महोत्सव के चौथे यह पांचवें दिन पड़ता रहा है, लेकिन इस बार महोत्सव के दूसरे ही दिन रविवार होने के कारण आस्था का खूब सैलाब उमड़ा। छुट्टी होने का फायदा लोगों ने देवी-देवताओं के दर्शन कर उठाया। लोगों ने अपने  देवी-देवताओं के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर देव मिलन का अनोखा संगम भी लोगों को देखने को मिला। देवताओं के संग आए देवलु भी अपने देवी-देवताओं को नाचते गाते हुए पड्डल लेकर आए। पड्डल पहुंचने के बाद देवी देवताओं का आपस में मिलन हुआ। कालेज मैदान में दूर -दूर से हजारों लोगों ने पहुंच कर देवताओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। पिछले वर्ष मांगी गई मुरादों के पूरा होने के बाद लोगों ने देवी-देवताओं को मन्नतें भी चढ़ाईं। इनमें मूल माहूंनाग तरौर देवता, देव छमाऊं, देव घटोत्कच, देव चुंजवाला ऋषि, देव बिट्टू नारायण, देव विष्णु मतलोड़ा, देव हुरंग नारायण पशाकोट, देव तुंगासी, मगरू महादेव, चपलांदू नाग, शेषनाग और घटोत्कच सहित अन्य देवी-देवताओं के समक्ष हजारों लोगों ने माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App