इथोपिया का दल पहुंचेगा नौणी विवि

By: Mar 16th, 2017 12:05 am

 नौणी— इथोपिया का एक दल शुक्रवार को डा. वाईएस परमार विश्वविद्यालय नौणी पहुंच रहा है। अपने एकदिवसीय दौरे के दौरान दल के सदस्यों को पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली खेती और वन्य पौधों के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। इस दल का नेतृत्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. गेमिबो कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन मंत्रालय इथोपिया की टीम  हिमाचल में होने वाली खेती के बारे में जानने के लिए नौणी विश्वविद्यालय पहुंच रही है। हिमाचल व इथोपिया की भौगोलिक परिस्थिति व पर्यावरण लगभग एक जैसा है। हिमाचल की तर्ज पर इथोपिया भी बागबानी व कृषि प्रधान देश है, इसलिए इथोपिया में खेती व बागबानी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष टीम नौणी विश्वविद्यालय पहुंच रही है। इस टीम में कुल 16 सदस्य होंगे। यह टीम एक दिन विश्वविद्यालय में रुकेगी। विश्वविद्यालय द्वारा बागबानी व कृषि क्षेत्र में किए गए शोध कार्यों के बारे में यह टीम विस्तार से जानकारी लेगी। इसके अलावा पर्यावरण को बचाने के लिए किस प्रकार के वृक्षों को लगाया जाना जरूरी है, इसके बारे में भी टीम के सदस्य जानकारी लेंगे। विश्वविद्यालय की लैब, सोलर सिस्टम, हाइड्रोफिनिक्स प्लांट,  बागीचे, फ्लोरीकल्चर, फूड साइंस, मुधमक्खी पालन, प्लांट पाइथोलोजी, सायल साइंस, बागबानी व वानिकी विभाग का भी यह टीम निरीक्षण करेगी। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक अपने-अपने विभागों में हुए शोध कार्यों के बारे में इस टीम को विस्तार से जानकारी देंगे। टीम का वार्तालाप विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के साथ रखा गया है। दोनों देशों के वैज्ञानिक अपने अनुभव सांझा करेंगे। 16 सदस्यों वाली इस टीम में इथोपिया सरकार के उच्च स्तरीय अधिकारी, वैज्ञानिक, प्लानर व अन्य अधिकारी  शामिल हैं। पहली बार इथोपिया का दल विश्वविद्यालय में एकदिवसीय दौरे पर आ रहा है। नौणी विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एचसी शर्मा ने बताया कि इथोपिया का दल शुक्र्रवार को विश्वविद्यालय में पहुंच रहा है। अपने एकदिवसीय दौरे के दौरान टीम के सदस्यों को बागबानी व कृषि से संबंधित जानकारी दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App