जंजैहली कस्बे में दस साल बाद हुई बर्फबारी

By: Mar 10th, 2017 12:01 am

थुनाग, जंजैहली – मार्च में अचानक बदले मौसम के तेवरों ने रिकार्ड तोड़ दिए हैं। जंजैहली में मार्च माह में दस साल बाद बर्फबारी हुई है। गुरुवार को माता शिकारी की पहाडि़यों में बर्फबारी हुई, वहीं माता शिकारी के साथ शौटाधार, सपलेहनीधार, छतरी, मगरूगला और जंजैहली में बर्फबारी हुई। शिकारी माता में करीब एक फुट हिमपात दर्ज किया गया है। सराजघाटी पूरी तरह से ठंड की चपेट में आ गई है। इसके साथ थुनाग के रेनगलू, लौट, बगस्याड़ के कांडा, चिउणी चेत, बागाचनोगी, कुलथनी में भी ताजा हिमपात हुआ है।  कुलथनी और चिउणी सड़क में बर्फबारी के बाद बस चालकों ने आगे बस ले जाना सही नहीं समझा और बसों को थुनाग व धरवारथाच में ही खड़ा कर दिया।  इससे यातायात ठप हो गया , जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं,बर्फबारी के चलते समूचा क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है।

रोड बंद

बरोट — बर्फबारी से मुल्थान -म्योट-बड़ागांव रोड बंद हो गया है। इसके अलावा बिजली भी बार-बार गुल हो रही है।

आधा फुट बर्फ

बरोट — घाटी के रोलिंग, पंजोड़, लच्याण, कवांण व म्योट में आधा फुट से ज्यादा ताजा हिमपात दर्ज किया है।  बरोट-मुल्थान में आठ से दस सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App