जिला में ठंड का मौसम फिर लौटा

By: Mar 10th, 2017 12:05 am

बीते 24 घंटे से रुक-रुक कर बारिश, मौसम में बदलाव आने से कड़ाके की ठंड भी लगी होने

सोलन— जिला भर में बीते 24 घंटे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम में  बदलाव आने  की वजह से कड़ाके की ठंड भी होने लगी है। गुरुवार को सोलन का अधिकतम तापमान 16 डिसे रिकार्ड किया गया है, जो कि सामान्य से दस डिसे कम है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान भी  तीन डिसे तक पहुंच गया है, जो कि सामान्य से चार डिसे कम है। वहीं मौसम विभगा का कहना है कि आने वाले 24 घंटे तक अधिकतर स्थानों पर बारिश होती रहेगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज तूफान के साथ ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी जारी की गई है। गुरुवार को दिन भर सोलन में रुक-रुक कर बारिश होती रही। जबकि इससे  पूर्व बुधवार की रात को भी अधिकतर स्थानों पर बादल जमकर बरसें हैं। इस बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में किसानों द्वारा इन दिनों ब्रोकली, फूल गोभी, शिमला मिर्च व टमाटर लगा रखा है। इस बारिश का सबसे अधिक फायदा इन फसलों को हुआ है। इसके अलावा गेहूं की फसल के लिए भी यह बारिश लाभदायक बताई जा रही है। बारिश के बाद ठंड का मौसम फिर से लौट आया है। आमतौर पर मार्च के माह में लोग स्वेटर निकाल देते हैं। लेकिन मौसम में बदलाव आने की वजह से कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। तापमान में भारी गिरावट की वजह से मौसम काफी ठंडा हो गया है। दिन ढलते ही लोग अपने घरों में दुबक जाते हैं। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज इसी प्रकार बना रहेगा। ऊंची पहाडि़यों पर बर्फबारी होने की वजह से मध्यवर्तीय पहाड़ी क्षेत्र व मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगी। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि आने वाले 24 घंटे तक अधिकतर स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर सामान्य से अधिक बारिश होने की भी संभावना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App