गिफ्ट में पैसों का लेन-देन

By: Jul 10th, 2017 12:10 am

newsनादौन  —  प्रदेश सरकार के समय नई परंपरा आरंभ हुई है, जिसमें गिफ्ट पैक के माध्यम से भ्रष्टाचार के पैसों का लेनदेन हो रहा है। यह बात एचपीसीए के उपाध्यक्ष अरुण धूमल ने रविवार को नादौन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि  हिमाचल को बिहार नहीं बनने देंगे। उन्होंने युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य के उस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिसमें कहा गया है कि हिमाचल में बिहार की तर्ज पर चुनाव करवाए जाएं। अरुण धूमल ने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह लालू प्रसाद यादव को अपना रोल मॉडल मानते हैं। लालू प्रसाद यादव ने अपने कार्यकाल में लोगों के काम करवाने के लिए बदले में उनकी कीमती भूमि अपने परिजनों के नाम करवाई, जबकि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अधिकारियों के माध्यम से भ्रष्टाचार कर रहे हैं। शायद इसीलिए विक्रमादित्य हिमाचल में बिहार की तर्ज पर चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा होता यदि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के इस वर्तमान कार्यकाल को लोग उनके अच्छे कार्यकाल के तौर पर याद रखते, परंतु उनका यह कार्यकाल सबसे खराब कार्यकाल के तौर पर याद रखा जाएगा। जिसमें जमानत पर होने के बावजूद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कुर्सी पर बैठे हैं। लोग उन्हें अब जमानती सीएम के तौर पर याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जब एक अधिकारी को भ्रष्टाचार के आरोप पर पकड़ा गया तो इस मामले में भी मुख्यमंत्री के ओएसडी का नाम आया था। वहीं फरीदाबाद में एक एनआरआई डा. स्टीव बेदी द्वारा हिमाचल में उद्योग स्थापित करने के लिए भूमि खरीद मामले में भी वही के निवासी ओपी शर्मा नामक व्यक्ति ने सरकार के मंत्री ठाकुर लाल भरमौरी के माध्यम से मुख्यमंत्री को 56 लाख रुपए देने की बात अपने बयान में कही है। इससे साबित होता है कि सरकार में भ्रष्टाचार किस स्तर पर चल रहा है। अरुण धूमल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफिया राज चल रहा है जिसके सरगना मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हैं। उन्होंने कहा कि कभी हिमाचल ऑन सेल के आरोप लगाने वाले लोग आज सरकार में हैं और इस मामले में 4 साल की जांच होने के बावजूद सरकार के हाथ खाली है। अरुण धूमल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के समय नई परंपरा आरंभ हुई है जिसमें गिफ्ट पैक के माध्यम से भ्रष्टाचार के पैसों का लेनदेन हो रहा है। वर्तमान प्रदेश सरकार के समय इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है कि मुख्य आरोपी बाहर घूम रहे हैं और सरकार के मुखिया जमानत पर चल रहे हैं। उन्होंने फरीदाबाद के मामले में सीबीआई की जांच की मांग की है। इस अवसर पर विधायक विजय अग्निहोत्री, पवन शर्मा, डा. अशोक शर्मा, हुक्म सिंह बैंस, मंजीत ठाकुर, ओंकार शर्मा, अजमेल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

खिचड़ी ने निगली पढ़ाई

newsनादौन —  लोकतंत्र होने के नाते देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर निर्भर है। आज का युवा समाज में बदलाव लाने के लिए सक्षम है। यह विचार अरुण धूमल ने भाजपा युवा मोर्चा शहरी इकाई द्वारा आयोजित युवा प्रोत्साहन समारोह में कहे। उन्होंने कहा कि हमारे देश में युवा मतदाता की संख्या काफी अधिक है। सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए देश का युवा अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि गत केंद्रीय सरकार के समय शिक्षा पद्धति के लिए जो नियम बनाए हैं उनके कारण बच्चों को पढ़ाई में कई तरह की परेशानियां आ रही हैं। विभिन्न कक्षाओं में बच्चों को फेल न करने के नियम से स्कूलों की पढ़ाई बहुत अधिक प्रभावित हो रही है तथा बच्चों में पढ़ाई का स्तर नीचे गिर रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश स्कूलों में मिड-डे मील के नाम पर केवल खिचड़ी ही खिलाई जाती है, जो कि बच्चों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि संस्कार आधारित शिक्षा पद्धति को बढ़ावा मिलना चाहिए। स्कूलों में ऐसी शिक्षा दी जाए, जिससे बच्चे आगे बढ़ सके।  इस अवसर पर नादौन विधायक विजय अग्निहोत्री ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App