पुलिस विभाग को मिलेंगे बड़े साहब

By: Jul 27th, 2017 12:15 am

news शिमला —  पुलिस विभाग में बड़े पदों पर जल्द ही प्रोमोशन होगी। विभाग में एडीजीपी व आईजी के पद खाली चल रहे हैं, ऐसे में विभाग में पदोन्नति करवाने के बाद पदोन्नति अधिकारियों में यह फेरबदल कर इन पदों को भर सकती है। इसके लिए सरकार ने तैयारी कर ली है। विभाग में एक्स काडर पद पर तैनात अधिकारियों को काडर पोस्ट्स पर लगाया जा सकता है। पुलिस विभाग में अधिकारियों को पदोन्नति देने की तैयारी की जा रही है। विभाग में मौजूदा समय में  एडीजीपी और आईजी जैसे बड़े पद खाली चल रहे हैं। ऐसे में सरकार इसके लिए पात्र वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति दे सकती है। बताया जा रहा है कि गृह विभाग ने पदोन्नति के लिए प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जानकारों के अनुसार विभाग में वरिष्ठ आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारियों को पदोन्नति देने के लिए जल्द ही विभागीय कमेटी की बैठक (डीपीसी) भी करवाई जाने वाली है। विभाग में एडीजीपी के पदों के लिए मौजूदा समय में दो अधिकारी सामने आ रहे हैं। इनमें 1993 बैच के अधिकारी अशोक तिवारी हैं, जो मौजूदा समय में एक्स काडर पद पर परिवहन निगम में एमडी के पद पर तैनात हैं। इसी बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग गर्ग भी है, जो कि वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में हैं। इनको प्रोफार्मा आधार पर प्रोमोशन दी जा सकती है। इनके अलावा आईजी के पदों पर भी पदोन्नति के लिए डीपीसी भी करवाई जाएगी। इसके लिए दो अधिकारियों  के नाम आगे आ रहे हैं। पुलिस विभाग में 2000 बैच के आईपीएस अधिकारी अरविंद शारदा की पदोन्नति तय है। वह मौजूदा समय में विजिलेंस में डीआईजी के पद पर तैनात हैं। इनकी पदोन्नति काफी समय से तय है और ऐसे में उनको पदोन्नति दी जा सकती हैं। हालांकि इसी बैच के जेपी सिंह भी हैं, जो कि केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। श्री सिंह को सरकार प्रोफार्मा आधार पर ही पदोन्नति दे सकती है। माना जा रहा है कि इन अधिकारियों को जल्द ही प्रोमोशन दी जा सकती है। विभाग में वर्तमान में सीआईडी में एडीजीपी का पद खाली चल रहा है। ऐसे में एडीजीपी पदोन्नत होने के बाद अशोक तिवारी को सीआईडी में भेजा जा सकता है, वहीं यदि विजिलेंस में तैनात एसबी नेगी को सीआईडी में भेजा जाता है, तो उनके स्थान पर अशोक तिवारी को तैनात किया जा सकता है। वहीं, वर्तमान में आईजी के कई पद खाली चल रहे हैं। इनमें हाल ही में  आईजी साउथ का पद आईजी जहूर जैदी के ट्रांसफर होने के बाद खाली चल रहा है। इसके अलावा कुछ अन्य पद भी खाली चल रहे हैं। ऐसे में सरकार इन पदों पर या तो पदोन्नत होने वाले अधिकारियों को तैनात कर सकता है या फेरबदल कर अन्य अधिकारियों को इन पदों पर भेजा सकता है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App