मछुआरे फरार, विभाग ने जब्त किए जाल

By: Jul 29th, 2017 12:05 am

नादौन —  ब्यास के आसपास प्रतिबंध के बावजूद मछलियों का शिकार करने वाले अवैध शिकारियों को पकड़ने के लिए जिला मत्स्य अधिकारी चंचल ठाकुर के आदेशानुसार विशेष अभियान चलाया। विभाग की ओर से सहायक मत्स्य अधिकारी विजय सिंह चौहान तथा एफएम पद्म देव ने शुक्रवार को नादौन के साथ लगते मानपुल, कलूर, कोहला, बेला गांवों सहित ब्यास किनारे दबिश दी। हालांकि अपने हमीरपुर कार्यालय वापस जाते समय दोनों ही कर्मचारी सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। विजय सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बहने वाली मान खड्ड, कुनाह खड्ड सहित अन्य खड्डों व ब्यास नदी के किनारे भी दबिश दी गई। इस दौरान दबिश के कारण कई शिकारी अपने जाल छोड़ कर मौके से फरार हो गए, टीम ने ये जाल भी जब्त कर लिए हैं। विजय सिंह ने बताया कि टीम ने नादौन में मछली का शिकार करने के लिए 14 आवेदकों के नए लाइसेंस भी बनाकर दिए, जो कि प्रतिबंध समाप्त होने के बाद मछली का शिकार कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासी लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि यदि कोई प्रवासी या कोई लाइसेंसधारी भी मछली के शिकार पर लगे प्रतिबंध के दौरान अवैध तौर पर शिकार करता हुआ पकड़ा गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हत्थे चढ़ते ही होगी सख्त कार्रवाई

जिला मत्स्य अधिकारी चंचल ठाकुर ने बताया कि विभाग प्रतिबंध के दौरान मछली का अवैध शिकार करने वालों पर कड़ी नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दे रही है और इस दौरान कई लोगों पर कार्रवाई की गई है। प्रतिबंध समाप्त होने के बाद भी यदि कोई अमानवीय तरीकों से मछली का शिकार करता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App