खेतीबाड़ी को घर से बाहर आएं महिलाएं

By: Aug 31st, 2017 12:02 am

पारिवारिक आर्थिक समृद्धि के लिए कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने किया आह्वान

 नई दिल्ली— कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने पारिवारिक आर्थिक समृद्धि के लिए ग्रामीण महिलाओं से आगे आने का बुधवार को आह्वान करते हुए कहा कि जिन परिवारों में पुरुषों के साथ महिलाएं कृषि कार्य में हाथ बटाती हैं वे ज्यादा खुशहाल हैं। श्री सिंह ने यहां राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से ‘महिला किसानों के अधिकारों की सुरक्षा-कार्रवाई के लिए एक रोडमैप की तैयारी’ विषय पर यहां आयोजित संगोष्ठी में कहा कि महाराष्ट्र, गुजरात,पंजाब और हरियाणा आदि राज्यों में कृषि कार्य एवं पशुपालन में महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं, जिसके कारण वहां ऐसे परिवारों में आर्थिक समृद्धि है। बिहार में भी कुछ परिवारों में महिलाएं बकरी और गाय पालन करती हैं और ऐसे परिवार ज्यादा खुशहाल हैं। उन्होंने कहा कि कुल कामकाजी महिलाओं में से 80 प्रतिशत महिलाएं कृषि कार्य में लगी हैं। इनमें से 33 प्रतिशत मजदूरी के काम में लगी हैं, जबकि 47 प्रतिशत अपनी खेती के काम में लगी हैं। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय यह सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है कि महिलाएं कृषि कार्य की मुख्यधारा का हिस्सा बनें तथा कृषि उत्पादकता एवं उत्पादन बढ़ाने और परिवार की आमदनी बढ़ाने में आगे आएं। श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण की एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले तीन दशक में कृषि के क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों की संख्या में गिरावट आई है। पुरुषों में यह संख्या 81 प्रतिशत से घटकर 63 प्रतिशत हो गई है और महिलाओं की संख्या 88 प्रतिशत से घटकर 79 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कृषि का ‘महिलाकरण’ करने पर जोर देते हुए कहा कि भारत समेत अधिकतर विकासशील देशों की अर्थव्यवस्था में ग्रामीण महिलाओं का सबसे अधिक योगदान है। महिलाएं फसलों की बुआई, कटाई, सिंचाई, निकाई, गुडाई, उर्वरक डालने, भंडारण और पौधा संरक्षण में पुरुषों के साथ कार्य करती हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि दक्षिण के राज्यों में महिलायें कृषि के साथ ही पशुपालन के अलावा मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, सूअर पालन, मधुमक्खी पालन तथा मशरुम उत्पादन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्रालय विभिन्न योजनाओं के लिए जो राशि आबंटित करता है उसमें से 30 प्रतिशत राशि महिला किसानों के लिए सुरक्षित रखी जाती है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App