बेड तक नहीं बढ़ा पाए सीएम

By: Aug 9th, 2017 12:05 am

ऊना —  कांग्रेस सरकार के कुशासन में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना बूचड़खाने में तबदील होकर रह गया है। यह बात स्थानीय एमसी पार्क में भारतीय जनता युवा मोर्चा की आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपाध्यक्ष व ऊना सदर विस क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ऊना जिला को पीजीआई सेटेलाइट सेंटर स्वीकृत किया, जबकि वीरभद्र सिंह क्षेत्रीय अस्पताल की बेड क्षमता को ही नहीं बढ़ा पाए। अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पदों तक भरने में प्रदेश सरकार नाकाम रही। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सीएम वीरभद्र सिंह को ऊना की याद आ गई, जबकि साढ़े चार सालों के दौरान ऊना की सुध नहीं ली। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने जिला के दौरे के दौरान ऊना व कुटलैहड़ विस क्षेत्र में जितने भी उद्घाटन व शिलान्यास किए हैं, वे सब प्रोपोजल विधायक प्राथमिकता के तहत दिए गए थे। उन्होंने कहा कि यहां पर पीएचसी में डाक्टर नहीं है, वहां पर सीएचसी खोल रहे हैं। स्कूलों को अपग्रेड किया जा रहा है, लेकिन न तो वहां पर स्टाफ है, न ही विद्यार्थी। वीरभद्र सिंह चार-चार किलोमीटर में कालेज खोल रहे हैं। तीन हजार छात्र संख्या वाले ऊना कालेज के स्टाफ को खड्ड, हरोली व बीटन में तबदील कर दिया गया है, जबकि इन कालेजों में मात्र 100 से 150 विद्यार्थी हैं। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि हरोली एरिया में 25-25 करोड़ रुपए के भवन बनाकर पैसे की बर्बादी की जा रही हैं। इन भवनों में भैंसें बांधी जा रही है। तालाबों के निर्माण में भारी गोलमाल हुआ है। वीरभद्र सरकार जिला में विकास कार्यों की अनदेखी कर रही है। मोदी सरकार द्वारा पंचायतों के विकास के लिए भेजी गई 27 करोड़ रुपए की राशि ऊना जिला में अनसपेंट पड़ी है। जनसभा को कुटलैहड़ विस क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र कंवर, जिला भाजपाध्यक्ष बलबीर बग्गा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष बलराम बबलू, जिला भाजयुमो महामंत्री लखवीर लख्खी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक बलवीर चौधरी, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य प्रो. रामकुमार, सुशील कालिया, राजेश ठाकुर, सुमित शर्मा, राजकुमार पठानिया, बलबिंद्र गोल्डी, जिला भाजयुमो के प्रभारी रमणीक सिंह, प्रदेश सचिव राजीव कालिया, राजन सहोड़, अजय चौधरी, राहुल देव शर्मा, कमल सैणी, राम सिंह, अजय ठाकुर, संदीप शर्मा, खामोश जैतक, विकास पुरी, धीरज, विनय शर्मा, रजत ठाकुर, रामपाल, हरपाल सिंह, साहिल दत्ता, व अन्य उपस्थित थे।

ऊना — प्रदेश में भारी बरसात के चलते किसानों की फसलें बर्बाद हो गई है,लेकिन प्रदेश सरकार के पास किसानों की हालत जानने के लिए समय नहीं है। यह बात ऊना मुख्यालय पर भाजयुमों आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कुटलैहड़ विस क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र कंवर ने कही। उन्होंने कहा कि किसानों की दो-दो आलू की फसलें बर्बाद हो गईं। वहीं, अब मक्की की फसल भी बरसात में पूरी तरह नष्ट हो गई। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ऊना दौरे में केवल अपनी जय-जयकार करवाते रहे, लेकिन किसानों की चिंता के लिए उनके पास समय नहीं है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कांग्रेस नेता भी चाटुकारिता की राजनीति में व्यस्त है। कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र के विकास व लोगों के हितों के लिए कभी आवाज नहीं उठाई। कुटलैहड़ विस क्षेत्र में बरसात में भी पेयजल समस्या बनी हुई है। बाढ़ से लोगों की फसलें तबाह हो गईं, उन्होंने कहा कि सीएम जिन योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास कर गए, वे सब उनकी पिछले पांच सालों के दौरान विधायक प्राथमिकता के तहत दी गई योजनाएं है। वीरभद्र सिंह का लोकशाही में विश्वास नहीं रहा है। जनता के प्रतिनिधियों का तिरस्कार करना उनका शौक बन गया है।

एसपी संजीव गांधी का काम सराहा

सतपाल सिंह सत्ती ने एसपी ऊना द्वारा आपराधिक तत्त्वों की धरपकड़ के लिए चलाए गए अभियान के लिए उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दो-दो क्विंटल  भुक्की पकड़ने से साफ है कि किस कद्र खुलेआम नशे के व्यापारी अपना कारोबार चला रहे हैं। श्रीसत्ती ने कहा कि ईमानदार अधिकारियों को भाजपा की पूरी सपोर्ट रहेगी। कांग्रेस काम करने वाले अधिकारियों पर तबादले की गाज गिराती आई है। सत्ती ने महिला कर्मियों को प्रोमोशन के बाद शिमला व अन्य जिलों में तबादलों पर भी जिला के मंत्री को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में कभी भी महिला कर्मियों को जिला से बाहर नहीं जाने दिया गया।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने निकाली रैली

भारतीय जनता युवा मोर्चा के बैनर तले युवा कार्यकर्ताओं ने एमसी पार्क से रोटरी चौक होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकाली। रैली के दौरान युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने हाथों में प्लेकर्ड लिए प्रदेश सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक वीरेंद्र कंवर, भाजयुमो जिलाध्यक्ष बलराम बबलू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सहायक आयुक्त संजीव कुमार को एक ज्ञापन भी प्रेषित किया।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App