भरमौर से ग्रीमा को दौड़ी एचआरटीसी की बस

By: Sep 11th, 2017 12:05 am

भरमौर —  वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने रविवार को तीन करोड़ की लागत से निर्मित भरमौर- ग्रीमा संपर्क मार्ग पर परिवहन निगम की 37 सीट बस सेवा को विधिवत तरीके से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। भरमौर- ग्रीमा मार्ग पर बस सेवा आरंभ होने से सियूंर व ग्रीमा पंचायत की करीब तीन हजार आबादी लाभान्वित होगी। इस मार्ग पर बस सेवा आरंभ होने से इलाकावासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में हलके के सर्वांगीण विकास को तवज्जो दी गई है। इस अवधि में जनजातीय हलके में सड़़क, स्वास्थ्य व शिक्षा के नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं। भरमौर- ग्रीमा संपर्क मार्ग का निर्माण भी इसी कड़ी का एक हिस्सा है। वनमंत्री ने कहा कि मोदी लहर की खुशफहमी में डूबी भाजपा को कांग्रेस का विकास दिख नहीं रहा है। भाजपा लोगों को भ्रामक प्रचार के जरिए गुमराह करने में जुटी हुई है। उन्होंने दोहराया कि जनजातीय हलके में अब तक हुआ विकास केवल कांग्रेस की ही देन है। उन्होंने कहा कि आगामी विस चुनावों में कांग्रेस मिशन रिपीट करते हुए दोबारा से प्रदेश की बागड़ोर संभालेगी। और वीरभद्र सिंह सांतवीं बार मुख्यमंत्री पद पर आसीन होंगे। इस मौके पर एसडीएम भरमौर बीके चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव अमित भरमौरी, टीएसी मेंबर भजन ठाकुर, सुमना देवी, बीओडी सदस्य कमलेश ठाकुर, ग्रीमा के प्रधान किशोरी लाल, सियूंर के प्रधान दुनी चंद, एसडीओ पीडब्ल्यूडी प्रमोद कुमार व आईपीएच के एसडीओ शरती राम के अलावा कई गणमान्य लोग व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App