पालमपुर में देखें भारत-पाक जंग का नजारा

By: Oct 10th, 2017 12:15 am

सौरभ वन विहार में तैयार कारगिल युद्ध दृश्य-कृत्रिम एक्वेरियम का गरिमापूर्ण लोकार्पण

newsपालमपुर —  कारगिल शहीद कै. सौरभ कालिया की याद में बनाए गए सौरभ वन विहार में कारगिल युद्ध के प्रतीकात्मक स्थल और प्रदेश के सबसे बड़े कृत्रिम एक्वेरियम सांसद शांता कुमार ने जनता को समर्पित किए। जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने सौरभ वन विहार के लिए दो करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है। इस पैसे से यहां पर कांगड़ा के पारंपरिक गांव का दृश्य तैयार कर यहां आने वाले लोगों को कांगड़ा की संस्कृति से रू-ब-रू करवाया जाएगा। शहीद स्मारक को पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित किया जाएगा, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को शहीदों की गाथा के साथ कांगड़ा की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। सौरभ वन विहार में 40 लाख की लागत से निर्मित कारगिल युद्ध दृश्य और 20 लाख की लागत से बनाए गए कृत्रिम एक्वेरियम का लोकार्पण सांसद शांता कुमार ने सोमवार को किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल भी मौजूद रहे। शांता कुमार सौरभ वन विहार के लिए सांसद निधि से कुल करीब तीन करोड़ रुपए जारी कर चुके हैं। चंडीगढ़ रॉक गार्डन के निर्माता स्व. नेक राम के पुत्र अनुज सैणी की देखरेख में तैयार किए गए कारगिल युद्ध दृश्य में टाइगर हिल पर वीर सैनिकों द्वारा फहराए गए तिरंगे के साथ करीब 63 अन्य स्टेच्यू लगाए गए हैं, जो कि युद्ध के माहौल को दर्शा रहे हैं। वहीं, एक्वेरियम में दो दर्जन से अधिक प्रजाति की मछलियां रखी गई हैं। रक्षा मंत्रालय ने एक टैंक स्वीकृत किया है, जो योल पहुंच चुका है और मार्ग की सही व्यवस्था होने पर उसे सौरभ वन विहार में स्थापित किया जाएगा।

शहीद के परिजनों की इच्छा

1999 में कारगिल युद्ध में शहादत का चोला ओढ़ने वाले कै. सौरभ कालिया की पार्थिव देह पालमपुर पहंची थी तो उनके परिजनों ने सांसद शांता कुमार से बेटे की याद जीवंत रखने की इच्छा जताई थी।  शांता कुमार को इसके बाद शहीद स्मारक बनाने का विचार आया। इस मौके पर शहीद कै सौरभ कालिया के पिता एनके कालिया और भाई वैभव कालिया भी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App