भाजपा के हर सवाल का जवाब कहते थे, जीतकर वापस चला जाएगा

By: Oct 22nd, 2017 12:10 am

धर्मशाला  —  कांग्रेस प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला से कांगे्रस की टिकट उनको नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिली है। धर्मशाला विकास की पिछले पांच सालों में नींव रखी है, अब उसका कार्य शुरू करने का समय आया है।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का सहयोग न मिला होता, तो विकास कार्य कभी नहीं होते।  शनिवार को एसडीएम धर्मशाला के पास अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद दाड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला को दूसरी राजधानी का दर्जा मिलने के बाद भाजपा इसका विरोध कर रही थी। इतना ही नहीं, शहर को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने पर भाजपा नेताओं ने धर्मशाला से शिमला तक विरोध जताया। इसके अलावा धर्मशाला को नगर निगम का  दर्जा मिलने के बाद भी भाजपा पदाधिकारियों द्वारा इसका विरोध किया गया।  नगर निगम का विरोध करने के साथ-साथ उन्होंने निगम चुनावों में अपने प्रत्याशी उतारे, लेकिन 17 वार्डों में से 14 वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीत कर आए।  पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान उनके खिलाफ यह प्रचार किया गया था कि सुधीर शर्मा बाहर से आया है तथा चुनाव जीत कर वापस चला जाएगा। लेकिन पिछले पांच सालों में धर्मशाला के विकास की  नींव  रखी गई है तथा अब इन विकास कार्यों को शुरू किया जाएगा।

खदानों को संजीवनी

भाजपा नेता उन पर कई तरह के आरोप लगाए, लेकिन उन्होंने पिछले पांच सालों में किसी भी व्यक्ति को अपशब्द तक नहीं कहे हैं। धर्मशाला क्षेत्र का पांच साल पहले कैसा माहौल था, यह सभी जानते हैं। खनियारा की स्लेट खदानों को संजीवनी दी गई है।

सीयू को जमीन दिलवाई

सुधीर शर्मा ने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने सीयू के लिए तीन स्थानों पर भूमि का निर्धारण किया। एक जगह पर भूमि चिन्हित कर मंजूरी के लिए रिपोर्ट केंद्र को भेजी है। प्रदेश भाजपा नेता बताएं कि वे कितनी बार इस मामले को लेकर केंद्र में भाजपा सरकार से मिले हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App