मंडी में 595 शुगर के नए मरीज!
विश्व मधुमेह दिवस पर लगे शिविरों के दौरान सामने आए मामले
मंडी — जिला में मंडी में शुगर के नए 595 मरीज हो सकते हैं। विश्व मधुमेह दिवस पर जिला भर के अस्पतालों में मुफ्त में किए गए शुगर टेस्ट के बाद यह आंकड़ा सामने आया है। इसके अलावा टेस्ट में 996 मामले ऐसे आए हैं, जिन्हें पहले से ही शुगर की बीमारी है। 595 नए मरीजों को अब आगे के टेस्ट करवाने के लिए लिखा गया है , ताकि पता लगाया जा सके कि कितने मरीजों को शुगर की बीमारी है। अब अन्य टेस्ट करवाने के बाद ही यह पुष्टि होगी कि ये शुगर के मरीज है या नहीं। फिलहाल इन्हें संभावित मधुमेह मरीजों की लिस्ट में रखा गया है। विश्व मधुमेह दिवस पर जिला मंडी में 11823 लोगों के शुगर व बीपी की जांच की गई। इस दौरान 1591 मरीजों में शुगर की मात्रा 140 से अधिक पाई गई। इसके अलावा उक्त टेस्ट के दौरान 545 बीपी के नए मरीज भी सामने आए हैं, जबकि विश्व मधुमेह दिवस के दौरान किए गए टेस्ट में कुल 1695 लोग बीपी के मरीज पाए गए। जांच करवाने पहुंचे 996 लोग ऐसे थे, जिन्हें पहले से ही शुगर थी और वे शुगर की जांच करवा रहे, लेकिन खान पान में लापरवाही बरतने से शुगर नियंत्रित नहीं हुई। इसके अतिरिक्त 1150 लोग बीपी की जांच करवा रहे थे। जांच के बाद मरीजों को उचित परामर्श दिया गया और दवाइयां भी निःशुल्क प्रदान की गई। शिविर के दौरान चिकित्सकों द्वारा 30 साल से अधिक आयु वर्ग के लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस बार मधुमेह दिवस पर लोगों की सुविधा के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर उनकी जांच की गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

