अलविदा 2017, वेलकम 2018

By: Jan 1st, 2018 12:05 am

सोलन  — जिला भर में नए वर्ष का जश्न धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान अधिकतर होटलों में पर्यटकों के लिए कई प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया था। देर रात तक पर्यटक पंजाबी व हिंदी गीत की धुन पर थिरकते रहे। वहीं, कालका-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर वाहनों की संख्या अधिक होने की वजह से पर्यटकों को काफी अधिक दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा है। होटल चायल पैलेस में इस वर्ष पर्यटकों के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। चायल प्रिंस व चायल प्रिंसेज प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्योें से आए पर्यटकों ने भाग लिया। इसके अलावा  बेस्ट डांस  कंपल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई थी, जिसमें पर्यटकों ने बेहतरीन डांस पेश किए। पर्यटकों के लिए चायल पैलेस में हिमाचली व्यंजन भी परोसे गए। बड़़ोग स्थित पर्यटन निगम के होटल पाइन वुड में भी लाइव आर्केस्ट्रा का आयोजन नए वर्ष पर किया गया था। देर रात तक यहां पर पर्यटकों ने खूब मस्ती की। कालका-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर दिन भर रुक-रुक कर ट्रैफिक जाम लगा रहा। परवाणू से सोलन तक का सफर तय करने में पर्यटकों को दो घंटे का समय लग गया। हालांकि ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए थे, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने की वजह से जाम लगा रहा। शिमला जा रहे पर्यटक सुदेश का कहना है कि ट्रैफिक जाम काफी अधिक है, जिसकी वजह से परेशान हैं। काफी देर से ट्रैफिक जाम में फंसे हैं। रोहित, प्रदीप सहित कई ऐसे पर्यटक हैं ,जो नए वर्ष का जश्न मनाने के लिए शिमला जा रहे थे, लेकिन जाम लगने की वजह से काफी अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App