उत्पाती बंदरों को मारना अपराध नहीं

By: Jan 9th, 2018 12:15 am

केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने दस जिलों की तहसीलों को एक साल के लिए दी अनुमति

ऊना- केंद्र सरकार के पर्यावरण वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने प्रदेश के दस जिलों की चिन्हित तहसीलों में खेती व जानमाल को नुकसान पहुंचाने वाले बंदरों को पकड़ने व मारने की अनुमति दे दी है। सरकार की ओर से यह अवधि एक वर्ष के लिए दी गई है। प्रदेश के जिलों में उन्हीं स्थानों पर बंदर पकड़ने या मारने की अनुमति होगी, जो बंदर खेती को नुकसान पहुंचा रहे हों या फिर जीवन व संपत्ति नष्ट कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में उत्पाती बंदरों को किसान मार सकेंगे। केंद्र सरकार की ओर से यह अधिसूचना जारी करके प्रदेश सरकार को भेज दी गई है। तमाम वन विभाग के मुख्यालयों को जारी कर दिया गया है। प्रदेश सरकार की ओर से बंदरों की अत्याधिक संख्या के कारण बड़े पैमाने पर खेती-जानमाल के नुकसान होने की रिपोर्ट केंद्र सरकार को दी गई थी, जिस पर केंद्र सरकार ने कार्रवाई करते हुए वनों में वन्य जीवों का संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए राज्य में मानव जीवन, फसलों व अन्य संपत्तियों की क्षति कम करने के लिए बंदर प्रजाति की स्थानीय संख्या को संतुलित करने की कार्रवाई अमल में लाई है। इसके अनुसार अब केंद्रीय सरकार वन्य संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 62 के अनुसार खेत व जानमाल का नुकसान करने वाले बंदरों का पकड़ना व मानना अपराध की श्रेणी में नहीं आएगा। किन्नौर व लाहुल-स्पीति को छोड़कर अन्य सभी दस जिलों में अब 19 दिसंबर, 2018 तक बंदर पकड़ने की मारने की अनुमति होगी, लेकिन सरकारी वन्य क्षेत्र में इनको पकड़ना व मारना अवैध माना जाएगा। खबर की पुष्टि वन महानिदेशक एवं विशेष सचिव सिद्धांत दास ने की है।

इन तहसीलों को मिली परमिशन

चंबा की चार तहसीलें डल्हौजी, भटियात, सिहुंता, चंबा। कांगड़ा की सात तहसीलों नूरपुर, इंदौरा, फतेहपुर, जवाली, कांगड़ा, पालमपुर, बड़ोह। ऊना की पांच तहसीलों भरवाईं, अंब, ऊना, हरोली, बंगाणा। बिलासपुर की चार तहसीलों घुमारवीं, नयनादेवी, बिलासपुर सदर, नम्होल। शिमला की तीन शिमला ग्रामीण, रामपुर व नेरवा (शिमला एमसी)। सिरमौर की पांच तहसीलों में पच्छाद, राजगढ़, रेणुका, शिलाई, कामरू। कुल्लू की तीन तहसीलों मनाली, कुल्लू, सैंज। हमीरपुर की दो तहसीलों बड़सर व बिझड़ी। सोलन की चार तहसीलों नालागढ़, कसौली, सोलन, दाड़लाघाट तथा मंडी जिला की एक तहसील सुंदरनगर में बंदरों को पकड़ने व मारने की परमिशन मिली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App