राहत की फुहारों से सोलन फ्रेश

By: Jan 24th, 2018 12:05 am

सोलन— मंगलवार को मौसम ने करवट बदली है। करीब दो माह के बाद जिला के कई क्षेत्रों में बारिश की फुहारें पड़ी हैं। बारिश होने के बाद किसानों को सूखे से राहत मिली है। गेहूं, मटर व ब्रोकली सहित अधिकतर फसलों के लिए यह बारिश संजीवनी बन कर बरसी है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटे तक ऊंची पहाडि़यों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान जिला के मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप काफी अधिक बढ़ सकता है। मंगलवार को अधिकतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा है। मंगलवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। दोपहर करीब एक बजे सोलन व आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश होने के बाद तापमान में दस डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान कम होने की वजह से दिन के समय शीतलहर का प्रकोप काफी अधिक बढ़ गया है। अचानक से मौसम में बदलाव आने की वजह से किसानों के चहरे पर रौनक लौट आई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में अब शीतलहर का प्रकोप काफी अधिक बढ़ सकता है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम परिवर्तशील रहेगा तथा इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App