464 छात्रों को मिलेगी हिमोत्कर्ष स्कॉलरशिप

By: Jan 31st, 2018 12:15 am

ऊना— हिमोत्कर्ष साहित्य संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद ने हिमोत्कर्ष निर्धन मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा-2017 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। यह जानकारी हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति प्रकल्प के निदेशक बीएल कौशल ने दी। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को प्रदेश के छह जिलों में संपन्न हुई परीक्षा में 18074 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। बीएल कौशल ने बताया कि प्रदेश भर से आठवीं, नौवीं व दसवीं कक्षा से 464 छात्र-छात्राओं को गुणवत्ता व निर्धनता के आधार पर छात्रवृत्ति तथा 200 छात्र-छात्राओं को निर्धनता रेखा से ऊपर होने के कारण रजत पदक के लिए चयनित किया गया है, जिसमें आठवीं कक्षा में 145 को नकद छात्रवृत्ति व 56 को रजत पदक, नौवीं कक्षा में 171 को नकद छात्रवृत्ति व 73 को रजत पदक तथा दसवीं कक्षा में 148 को नकद छात्रवृत्तियां तथा 71 को रजत पदक प्रदान किए जाएंगे। सभी जिलों में आठवीं, नौवीं व दसवीं कक्षाओं में प्रथम तीन स्थानों पर रहने वाले विद्यार्थियों को नकद छात्रवृत्तियां प्रदान की जाएंगी। आठवीं कक्षा में डीएवी पब्लिक पाठशाला हमीरपुर की वंशिका पुत्री पवन कुमार ने प्रथम स्थान अर्जित किया है, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धमांधरी (ऊना) की प्रियंका पुत्री चैन सिंह ने दूसरा व होली एंजल्स मॉडल स्कूल रत्ती के परल वर्मा पुत्री जगत राम ने तीसरा स्थान पाया है। नौवीं कक्षा में स्वदेश मेमोरियल विवेकानंद स्कूल मैहतपुर की सुकृति पुत्री संजीव भारद्वाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा के शरवंश पुत्र पंकज गुप्ता ने दूसरा तथा टीआर डीएवी पाठशाला कांगू के अखिल शर्मा पुत्र विपिन कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। दसवीं कक्षा में डीएवी पब्लिक स्कूल ऊना की आस्था पुत्री मनोज पराशर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। डीएवी पब्लिक ऊना की ही सरगम शर्मा पुत्री अजय शर्मा ने दूसरा तथा हिम किरण कान्वेंट स्कूल जवाली के अनुज धीमान पुत्र नरेंद्र कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इन्हें एक हजार रुपए छात्रवृत्ति, प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।

हर साल दस लाख रुपए खर्च

हर साल इस प्रकल्प पर परिषद दस लाख रुपए से अधिक की राशि व्यय करती है, जिसमें 405000 रुपए की छात्रवृत्तियां व रजत पदक दिए जाएंगे। छात्रवृत्ति परीक्षा में प्रदेश में प्रथम, द्वितीय व तीसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों व जिलों के विजेता छात्र-छात्राओं को संबंधित जिला इकाइयों के वार्षिक समारोह में छात्रवृत्तियां व रजत पदक प्रदान किए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App